
Ravikishan Wishes Deepawali: गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन ने दीपावली के पावन पर्व पर गोरखपुर सहित प्रदेश और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि दीपों का यह पर्व हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का उजाला लेकर आए। साथ ही समाज का हर वर्ग विकास और खुशहाली की मुख्यधारा से जुड़े।
अपने शुभकामना संदेश में रवि किशन ने कहा कि दीपावली केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कार और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ा यह त्योहार सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। दीपावली का हर दीप संदेश देता है कि विश्वास और सकारात्मक सोच से अंधकार को दूर किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी विकास, सुशासन, निवेश, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। गोरखपुर में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे कार्य विकास की नई संभावनाएं खोल रहे हैं।
सांसद ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। हमारा प्रयास ऐसा वातावरण बनाने का होना चाहिए, जहां युवाओं को अवसर, किसानों को सम्मान, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और गरीब परिवारों को खुशहाली मिले।
रवि किशन ने कहा कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब समाज का कोई व्यक्ति खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। दीपावली पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटें और स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों तथा स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी साकार होगा।
उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा का ध्यान रखने तथा जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प केवल दीपावली पर दीप जलाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। ऐसा भारत बनाना है, जहां हर घर में खुशहाली हो, हर युवा के पास अवसर हो, किसान के चेहरे पर मुस्कान हो और हर महिला आत्मनिर्भर बने। अंत में उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।