गोरखपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे का शिकार हुए सभी लोग समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। एक नीलगाय को बचाने के चक्कर में शादी से लौट रहे परिवार की तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में खड़े रोड रोलर से टकरा गई जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसा, इतना भयानक था कि एक बुजुर्ग का शव खिड़की से बाहर लटक रहा था, जबकि दो बच्चों का शव गाड़ी में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मरने वाले दोनों बच्चे बुजुर्ग के परिवार से थे। इसमे एक बुजुर्ग की पोती और दूसका उसका नाती था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने कटर से गाड़ी को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला। हादसे में बोलेरो सवार बाबा, पोती और नाती की मौत हो गई, पुलिस ने हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के कोठा निवासी शिवम त्रिपाठी पुत्र अरविंद त्रिपाठी के बहन की बुधवार को शादी थी। इसमें बड़हलगंज के कोल्हुआ टाडा निवासी विजय नारायण, उन्नति तिवारी पुत्री संजय तिवारी, नर्मदा पत्नी प्रेम सागर, साधना पत्नी नित्यानंद तिवारी भी गए थे। गुरुवार की रात सभी लोग बोलेरो से घर जा रहे थे। इन लोगों को छोड़ने के लिए गगहा के कोठा निवासी शशांक पांडेय और शिवम त्रिपाठी भी जा रहे थे। बोलेरो को कोठा निवासी अनिल त्रिपाठी चला रहे थे। रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
देर रात करीब 11:30 बजे मझगांवा पुल के पास हाईवे पर गाड़ी के आगे सड़क पर अचानक नील गाय आ गई। जिसे बचाने के प्रयास में बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। गाड़ी उछलकर दूसरी लेन में जा गिरी और रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से टकरा गई , भीषण टक्कर में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
हादसे की सुचना पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को कार से बाहर निकाला। विजय नारायण का शव गाड़ी की खिड़की से आधा बाहर लटक रहा था। वहीं, शिवम त्रिपाठी और उन्नति तिवारी का शव सीटों के बीच फंस गया। पुलिस ने तीनों लोगों के शव को बाहर निकाला। साथ ही घायलों शशांक पांडेय, नर्मदा, साधना, अनिल त्रिपाठी को अस्पताल भेजा। प्रभारी निरीक्षक गगहा राजकुमार सरोज ने बताया कि गाड़ी का कांटा 100 की स्पीड कर अटका हुआ था, हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है।