
Gorakhpur News: जनपद के गोला क्षेत्र स्थित ग्राम चिट्ठेपार निवासी संतोष कुमार शुक्ला को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) में कार्यपालक निदेशक (Executive Director) नियुक्त किया गया है। वह आगामी एक दिसंबर से अपना कार्यभार संभालेंगे। देश की प्रमुख वित्तीय नियामक संस्था में इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति से गोरखपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जनपद के शिक्षाविदों, युवाओं और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
संतोष कुमार शुक्ला की इस नियुक्ति के पीछे करीब तीन दशक का बैंकिंग, विधिक और वित्तीय नियामकीय क्षेत्र का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 1995 में बैंक ऑफ इंडिया में प्रोबेशनरी ऑफिसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद सितंबर 1996 में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) में कार्यभार ग्रहण किया। यहां उन्होंने नीति स्थापना, विधि कार्य, नीति एवं विनियम, प्रवर्तन, जांच और न्यायनिर्णयन सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दीं। संतोष शुरू से ही बैंकिंग कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं।
उन्होंने SEBI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय अहमदाबाद में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा स्थापित दिवाला एवं शोधन अक्षमता बोर्ड (IBBI) में कार्यपालक निदेशक के पद पर भी सेवाएं दीं। वहां दिवाला पेशेवरों के नियमन एवं निगरानी तथा नियामकीय नीतियों और प्रक्रियाओं के विकास से जुड़े दायित्वों का निर्वहन किया।
शैक्षणिक रूप से भी उनकी उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा वीएसएवी इंटर कॉलेज, गोला बाजार से प्राप्त की। इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से विधि स्नातक (LL.B.) और नौकरी के साथ उत्तरांचल विश्वविद्यालय से वर्ष 2022 में विधि स्नातकोत्तर (LL.M.) की उपाधि हासिल की।
SEBI और IBBI जैसी महत्वपूर्ण वित्तीय नियामक संस्थाओं में उच्च पदों पर जिम्मेदारी निभाने के बाद अब SEBI के कार्यपालक निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति उनके लंबे अनुभव और विशेषज्ञता का सम्मान है। उनकी यह उपलब्धि गोरखपुर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है कि निरंतर परिश्रम, लगन और विषयगत दक्षता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया जा सकता है।