एक नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा, एक पर पीस पार्टी व तीन सीट पर निर्दलियों ने परचम लहराया
गोरखपुर। नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले में बीजेपी को एक नगर निगम व तीन नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सफलता मिली है। जबकि एक नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा, एक पर पीस पार्टी व तीन सीट पर निर्दलियों ने परचम लहराया है। उधर, नगर निगम बोर्ड बनाने के लिए गोरखपुर में बीजेपी इस बार फिर असफल रही है। इस बार केवल उसे एक सीट का फायदा हुआ है। सबसे मजेदार यह कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वार्ड (68) में बीजेपी प्रत्याशी माया त्रिपाठी को नादिरा खातून ने हरा दिया है।
मेयर पद पर बीजेपी के सीताराम ने हासिल की जीत
नगर निगम गोरखपुर में तीसरी बार बीजेपी का परचम लहराया है। बीजेपी के प्रत्याशी सीताराम जायसवाल 146187 वोट पाकर विजयी हुए हैं। उनको कुल पड़े वैध वोटों का 47.72% वोट मिले हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के राहुल गुप्ता 70215 वोट मिले हैं। बसपा के हरेंद्र यादव 34354 मत तो कांग्रेस के राकेश यादव को 27113 वोट मिले हैं।
उनवल, गोला व पिपराइच में बीजेपी का परचम
नए बने नगर पंचायत संग्रामपुर उर्फ़ उनवल में भारतीय जनता पार्टी के उमाशंकर निषाद 2629 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के दिनेश (1752) को हराया है। तीसरे स्थान पर निर्दल तैयब अहमद (1555) रहे जबकि समाजवादी पार्टी के डॉ.दिलीप यादव 1242 वोट पाए। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभान 626 व कांग्रेस के सर्वजीत 327 वोट ही पाए।
गोलाबाजार नगर पंचायत से बीजेपी की लालती देवी विजय श्री हासिल की है। उनको 2758 मत मिले। सपा की चन्दा देवी को 1645 वोट मिले जबकि बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी मीरा को 1599 वोट मिले। कांग्रेस की मीरा को 624 वोट मिले।
पिपराइच नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर बीजेपी के जीतेंद्र कुमार जायसवाल जीते हैं। जीतेंद्र को 4072 वोट मिले हैं। जबकि समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस दहाई व सैकड़ा में सिमट कर रह गए। समाजवादी प्रत्याशी पतासी को 133 मत, बसपा के सुभाष मद्धेशिया को 145 व कांग्रेस के संत गोपाल को महज 31 वोट मिले हैं।
बड़हलगंज में पीस पार्टी की प्रत्याशी बनीं अध्यक्ष
बड़हलगंज नगर पंचायत सीट से पीस पार्टी की दुर्गा देवी (2273) ने जीत हासिल की है। बसपा की गुड्डी सोनकर 2121 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही। भाजपा की बबिता 1716 वोट पाकर जमानत भी न बचा पाईं। समाजवादी पार्टी की सीमा 213 वोट और कांग्रेस की गीता सिर्फ 36 वोट पाकर जमानत गँवा बैठे हैं।
सहजनवा में बसपा की जीत
सहजनवा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा की सुमन सिंह ने नीला झंडा फहराया है। सुमन को 7510 वोट मिले। यहां दूसरे नम्बर पर बीजेपी की शशि प्रभा रहीं, उनको 3789 मत मिले। सपा की कमलावती 1533 व कांग्रेस की माहेश्वरी 98 वोट पाकर जमानत तक नहीं बचा सके।
बांसगांव, मुंडेरवा व पीपीगंज में निर्दलियों ने बीजेपी को हराया
बांसगांव से वेद प्रकाश शाही 4102 वोट पाकर निर्दलीय चुनाव जीतने में सफल रहे। निर्दलीय प्रीति सिंह 1380 वोट पा दूसरे स्थान पर रही। भाजपा के अजय 1053 व समाजवादी पार्टी के चंद्र प्रताप 321 वोट पाकर जमानत नहीं बचा सके।
मुंडेरवा बाजार नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए सुनीता ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की है। 2357 वोट सुनीता को तो निर्दल प्रत्याशी मधु 1566 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही। बीजेपी प्रत्याशी अनुपमा जायसवाल 1368 वोट पा तीसरे स्थान पर रहीं। सपा प्रत्याशी प्रमिला मद्धेशिया 67 तो कांग्रेस की लक्ष्मी जायसवाल 15 वोट ही पा सकी।
पीपीगंज में भी निर्दल प्रत्याशी गंगा प्रसाद अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। उनको 4414 वोट मिले हैं। भारतीय जनता पार्टी के रामशंकर को 1676 वोट तो बसपा के जीतेंद्र को 1292 वोट मिले हैं। समाजवादी पार्टी के मुन्नीलाल को 73 तो कांग्रेस के हरिश्चंद्र को महज 60 वोट ही मिले।
गोरखपुर नगर निगम के जीते हुए पार्षद