
Sub Inspector Suspend:गोरखपुर में पुलिस पर एक बार फिर इल्जाम लगा है। ताजा मामले में चोरी के गहने खरीदने के संदेह में महादेवा बाजार निवासी ज्वेलर्स मुन्ना वर्मा को चौकी में बैठाकर टॉर्चर करने और रुपये लेकर रात में छोड़ने के आरोप में SSP डॉ. कौस्तुभ ने उनवल चौकी प्रभारी अविनाश सिंह को निलंबित कर दिया है।
चौकी इंचार्ज के खिलाफ आरोप है कि जांच में सर्राफ के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिलने के बाद भी उसे चौकी में बैठाए रखा गया। ज्वेलर्स के परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी खजनी के BJP विधायक श्रीराम चौहान को दी। विधायक के PRO ने चौकी प्रभारी को फोन कर सर्राफ को प्रताड़ित नहीं करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी उसे नहीं छोड़ा गया।
बताया गया कि उन्होंने किसी व्यक्ति से करीब दो ग्राम सोना खरीदा था। इसी बीच खजनी थाना पुलिस ने गहने चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस को संदेह था कि चोरी के गहने सर्राफ ने खरीदे हैं। इसी आधार पर मुन्ना वर्मा को पूछताछ के लिए उनवल चौकी लाया गया।
आरोप है कि पूछताछ और जांच में सर्राफ के खिलाफ चोरी के गहने खरीदने का कोई साक्ष्य नहीं मिलने के बाद भी चौकी प्रभारी ने उसे वहां से जाने नहीं दिया। परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विधायक श्रीराम चौहान से संपर्क किया। इसके बाद विधायक के पीआरओ ने चौकी प्रभारी को फोन कर सर्राफ को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित नहीं करने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद भी सर्राफ को रात 12 बजे तक पुलिस चौकी में बैठाकर प्रताड़ित किया गया।
रविवार को प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह की बैठक में मामला उठने के बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद SSP डॉ. कौस्तुभ ने उनवल चौकी प्रभारी अविनाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की जांच सीओ खजनी को सौंपी गई है। SP साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि ज्वेलर्स को चौकी में बैठाए जाने, पूछताछ की प्रक्रिया, उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और रुपये लेकर छोड़ने के आरोप की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।