गोरखपुर में हत्या कर महिला की फेंकी गई लाश की शिनाख्त हो गई है, शव मुंबई के प्रिया शेट्टी का था जो अपने प्रेमी को खोजते हुए घटना के चार दिन पहले ही गोरखपुर पहुंची थी।
गोरखपुर के पीपीगंज थानाक्षेत्र में नृशंस हत्या कर फेंकी गई महिला की नग्न लाश का पर्दाफाश हो गया है। शव की पहचान हो गई है, वह मुंबई की प्रिया शेट्टी का था। हत्या भी किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही प्रेमी विजय ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर किया था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी विजय की हैवानियत, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। विजय ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद शव को स्कूटी से ले जाकर उसने पुलिया के नीचे फेंक दिया था।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी विजय पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव के सपहिया टोले का निवासी है। वह मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। जहां उसकी जान-पहचान प्रिया शेट्टी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया, लेकिन शादीशुदा होने के नाते प्रिया के दबाव और रिश्ते के उजागर होने के डर से विजय गांव लौट आया।
हत्या के चार दिन पहले प्रिया, विजय को खोजते हुए मुंबई से ट्रेन से गोरखपुर पहुंची थी। पुलिस को उसका ट्रेन टिकट भी बरामद हुआ है। विजय को जानकारी मिलने पर उसने प्रिया को गांव में न रखकर पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक किराये के मकान में ठहराया। उसने आधार कार्ड बनवाने और शादी करने का झांसा देकर प्रिया को भरोसे में रखा।
इसके बाद विजय ने अपनी पत्नी को पूरे मामले की जानकारी दे दी। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी दोनों ने प्रिया को मार डालने की साजिश रची। प्लान के मुताबिक गुरुवार की रात जब प्रिया नशे की हालत में थी, तब दोनों उसे स्कूटी से लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। पहले उसका गला कसकर हत्या की। इसके बाद पहचान मिटाने के इरादे से उसके सिर पर ईंट-पत्थर से वार कर सिर कुचलने के बाद गोबरहिया नाले के पुल के नीचे झाड़ी में फेंक दिया गया।