गोरखपुर

गोरखपुर में मनबढ़ों के हमले में घायल सिपाही की हुई मौत…पांच दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा

सिद्धार्थनगर जिले में तैनात सिपाही की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 24 मई को वह गोरखपुर स्थित अपने घर आया था जहां मनबढ़ युवकों ने उसपर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था।

2 min read
May 30, 2025

गोरखपुर के चौरीचौरा थानाक्षेत्र में भौवापार केवटान टोला में पिटाई से घायल सिपाही की इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गई, बता दें कि मनबढ़ों ने अवकाश पर घर आए सिपाही की पुरानी रंजिश में पिटाई कर दी गई थी। गंभीर रुप से घायल हुए सिपाही राजकुमार को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। वह सिद्धार्थनगर जिले में तैनात था और कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव चौरीचौरा के भौवापार केवटान टोला आया हुआ था।

घायल सिपाही की हुई मौत, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा

चौरीचौरा पुलिस ने हमले के मामले में पहले ही चार आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर गुरुवार को तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन आज शुक्रवार को सिपाही की मौत के बाद पुलिस ने अब मामला हत्या में बदलते हुए चौथे आरोपित की तलाश तेज कर दी है। सिपाही के पिता छोटेलाल ने बताया कि 24 मई की रात करीब नौ बजे उनके बेटे को मनबढ़ों ने घर से बुलाकर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। बेहोश होने पर उसे मरा समझ सभी फरार हो गए।

चौथे आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज

परिजनों को जब सिपाही के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली तब वे भागते हुए उसके पास पहुंचे और गंभीर हालत में सिपाही को अस्पताल ले गए जहां पांच दिनों बाद आज शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।वारदात के बाद चौरीचौरा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित राजकुमार गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और सत्यवान यादव को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।चौथा आरोपित भोला यादव अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी गई है और जल्द ही चौथे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिपाही की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Published on:
30 May 2025 03:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर