गोरखपुर

मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज 65 डेसिबल से अधिक न हो : ADM सिटी

मंगलवार को आगामी बकरीद एवं अन्य पर्व को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में पीस कमेटी के लोग भी सम्मिलित हुए। इस दौरान किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था भंग न हो इसके लिए एक ब्लू प्रिंट बनाया गया।

2 min read
Jun 03, 2025

गोरखपुर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर एनेक्सी सभागार में पीस कमेटी की एक अहम बैठक एडीएम सिटी के अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के मुस्लिम धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

सार्वजनिक स्थान पर निषेध है कुर्बानी

एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बकरीद पर किसी भी स्थिति में सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न की जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद बचा हुआ अवशेष इधर-उधर न फेंका जाए, बल्कि नगर निगम और नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारण किया जाए। एडीएम ने सभी से गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

लाउडस्पीकर को लेकर भी सख्ती

इसके अलावा, एडीएम सिटी ने लाउडस्पीकर को लेकर भी सख्ती दिखाई और निर्देश दिए कि मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज 65 डेसिबल से अधिक न हो। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर चलाने से पहले नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य है।

सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर : SP नॉर्थ

बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल को एक्टिव मोड में रखा जाएगा और किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा।

भीड़भाड़ वाले इलाके में रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल

एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि बकरीद के दिन शहर और गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से गश्त पर रहेंगे। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।इस मौके पर उपस्थित मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए कानून व्यवस्था का ध्यान रखें।

इनकी रही उपस्थिति

बैठक में प्रमुख रूप से एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसीएम केसरी नंदन त्रिपाठी, एसडीएम सदर रोहित मौर्य, जिला परियोजना अधिकारी संदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ सहित नगर निगम व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
03 Jun 2025 11:59 pm
Published on:
03 Jun 2025 11:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर