
व्यापारी की हत्या में शामिल हत्यारोपी ( सोर्स: पत्रिका)
Gorakhpur crime news: गोरखपुर में छात्र ने कारोबारी से एक लाख रुपए उधार लिए थे। रुपए वापस न लौटाना पड़े इसके लिए दसवीं के छात्र ने खतरनाक कदम उठाया। पहले सर्राफा कारोबारी को झांसे में लेकर दुकान छोड़ने की बात कह बाइक पर बैठाया और सुनसान जगह ले गया जहां उसके दो दोस्त पहले ही मौजूद थे। आरोपियों ने कारोबारी की गर्दन पर चाकू से कर वार किए। फिर दोनों हाथ पकड़कर उन्हें पास बह रही राप्ती नदी में फेंककर फरार हो गए।
इधर शव जब उतराने लगा तब उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो छात्र कारोबारी को बाइक पर बैठाकर ले जाता दिखा। गुरुवार रात 10 बजे पुलिस ने आरोपी छात्र प्रिंस, उसके ममेरे भाई अंशू और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अभी फरार है।
SP साउथ दिनेश पुरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास के रहने वाले रामलाल वर्मा की कटरा मलांव में सोने-चांदी की दुकान थी। आरोपी प्रिंस से उनका पुराना परिचय था। बुधवार सुबह 9 बजे रामलाल रोज की तरह घर से दुकान के लिए निकले थे। सुबह 10 बजे वह कसिहार ऑटो स्टैंड पहुंचे। यहां आरोपी छात्र पहले से मौजूद था, उसने कारोबारी को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया, रास्ते में कुछ दूरी पर आरोपी का ममेरा भाई अंशू मिला। प्रिंस ने उसे भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी कारोबारी को बातों में फंसा कर कनइल कसिहार बांध के पास लेते गए।
यहां उन्हें एक किशोर और छात्र का मौसेरा भाई दिव्यांश पांडेय मिला। बाइक रोक कर सभी ने कारोबारी को नीचे उतारा, अंशू ने कारोबारी के दोनों हाथ पीछे से पकड़ लिए। छात्र ने जेब से चाकू निकाला और कारोबारी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, काफी खून बहने से कारोबारी ने दम तोड़ दिया, इसके बाद आरोपी शव को नदी में फेंककर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि शाम लगभग 5 बजे ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त होने के बाद दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चाकू से हत्या की पुष्टि हुई। कारोबारी के बेटे संजय वर्मा ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने बुधवार शाम ही अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस हरकत में आई और जांच पड़ताल शुरू की, इसके बाद कौड़ीराम से कसिहार तक लगे 100 CCTV कैमरे खंगाले। फुटेज में बुधवार सुबह 10:40 बजे रामलाल दो युवकों के साथ बाइक पर जाते दिखाई दिए। वह बाइक पर बीच में बैठे थे। इसी आधार पर पुलिस ने गुरुवार शाम संदिग्धों की पहचान कर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अंशू कक्षा 9 में पढ़ता है। अंशू और प्रिंस पढ़ाई के साथ कपड़े की दुकान पर भी काम करते हैं। अब पुलिस प्रिंस के मौसेरे भाई दिव्यांश पांडेय की तलाश में दबिश दे रही है। रामलाल के तीन बेटे संजय वर्मा, जितेंद्र वर्मा और अजय वर्मा हैं। इनमें संजय और जितेंद्र कस्बे में ही सोने-चांदी की अलग-अलग दुकान चलाते हैं। छोटा बेटा अजय प्रॉपर्टी डीलर हैं।
Updated on:
24 Jul 2026 11:43 am
Published on:
24 Jul 2026 11:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
