गोरखपुर

PET-2026: गोरखपुर के 52 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, जूते-मोजे उतरवाकर अभ्यर्थियों की जांच

Gorakhpur news:PET परीक्षा की हर पाली में 23,208 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी परीक्षार्थियों की भीड़ के नाते बढ़ाई गई है सुरक्षा। पुलिस के 590 जवानों समेत मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षक तैनात, कंट्रोल रूम से हो रही है निगरानी।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 10:39 AM IST
Up news, gorakhpur news
परीक्षा केंद्र पर चेकिंग(सोर्स: अनूप शुक्ला)

PET-2026 Exam: प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को लेकर गोरखपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले के 52 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों से लेकर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों तक निगरानी बढ़ा दी गई है। पहली पाली की परीक्षा के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू होते ही सघन जांच की गई।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों के बालों में लगे क्लचर भी खुलवाकर जांच की गई। मंगलसूत्र और बिछिया को छोड़कर अन्य आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं दी गई। आधार कार्ड का मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया।

तीन दिन में छह पालियों में होगी परीक्षा

PET-2026 का आयोजन 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को किया जा रहा है। तीनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 23,208 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस तरह छह पालियों में कुल 1,39,248 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है।

दो एसपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी स्तर के दो अधिकारियों को सौंपी गई है। उनके साथ नौ क्षेत्राधिकारी, 22 थानेदार, 75 उपनिरीक्षक और 482 आरक्षी व महिला आरक्षी तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखने के साथ अभ्यर्थियों की आवाजाही पर भी नजर रखेंगे। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

52 सेक्टर और 52 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात

परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी 52 परीक्षा केंद्रों पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 967 बाह्य कक्ष निरीक्षक, 104 आंतरिक कक्ष निरीक्षक और 145 रिजर्व कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। हालांकि, परीक्षा कक्षों में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण अभी निर्धारित नहीं किया गया है।

पर्यटन भवन में बनाया गया कंट्रोल रूम

परीक्षा की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए पर्यटन भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां कक्ष संख्या तीन और चार में डबल लॉक की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के संस्थागत स्तर पर संचालन की जिम्मेदारी डॉ. राकेश प्रताप सिंह को सौंपी गई है, जबकि अब्दुल सिद्दीकी को प्रभारी बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की जिम्मेदारी संबंधित संस्था निभाएगी। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

Updated on:
25 Oct 2026, 10:39 AM IST
Published on: