गोरखपुर

विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील बूथों की होगी पहचान

Gorakhpur News: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की, उन्होंने संवेदनशील बूथों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिया।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:13 PM IST
Up news, gorakhpur
VC मीटिंग (सोर्स; अनूप शुक्ला)

Gorakhpur News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने गौतमबुद्धनगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से लेकर संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा व्यवस्था और बूथों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

त्रुटिरहित बनाई जाए मतदाता सूची

गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में अधिकारी बैठक में शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाया जाए। कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के साथ नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया भी समय से पूरी की जाए। अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए।

संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष नजर

बैठक में संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। पिछले चुनावों में विवाद, हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और कानून व्यवस्था की समस्या वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। ऐसे बूथों पर सुरक्षा की अलग कार्ययोजना तैयार करने और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें।

बूथों पर मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, बिजली, रोशनी, शौचालय, रैंप और फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिन बूथों पर सुविधाओं की कमी है, वहां संबंधित विभागों से समन्वय कर समय रहते कमियां दूर कराई जाएं। मतदान केंद्रों की दूरी और मतदाताओं की संख्या के अनुपात में बूथों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा चुनाव में लगाए जाने वाले कार्मिकों के प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, ईवीएम और वीवीपैट की उपलब्धता व सुरक्षित रखरखाव की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित निगरानी कर निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करें।

इन अधिकारियों की रही उपस्थिति

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, एसडीएम कैंपियरगंज आलोक रंजन सिंह, एसडीएम बांसगांव मलखान सिंह, एसडीएम गोला मनीष कुमार, एसडीएम सहजनवां नमन मेहता, एसीएम प्रथम पवन कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सदर सुदीप तिवारी और डीआईओ एनआईसी विनोद कुमार साहनी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियां आपसी समन्वय से समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

Updated on:
23 Nov 2026, 8:13 PM IST
Published on: