गोरखपुर

अखिलेश की PDA यात्रा में बच्चे की मौत पर बरसे CM योगी, बोले- ये गुंडे और माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते

CM Yogi Adityanath: गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा रोड शो में छात्र की मौत को लेकर हमला बोला। सीएम योगी ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। जानिए पूरा मामला...
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 2:05 PM IST
CM Yogi Adityanath, Forest University Campierganj, Akhilesh Yadav PDA Rathyatra, Gorakhpur JCB Accident, Akhilesh yadav, UP Politics
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना (PC: IANS)

CM YogionGorakhpur JCB Roadshow Accident: समाजवादी पार्टी की PDA रथयात्रा के दौरान गोरखपुर में बच्चे की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैंपियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने PDA यात्रा में हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर 12-13 साल के मासूम बच्चे की क्या गलती थी? सीएम योगी ने कहा कि एक मासूम बच्चे को रोड शो का शिकार बना दिया गया। सपा गुंडागर्दी, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है। हर माफिया उसका सगा है और पार्टी ने हमेशा जनता का शोषण किया है।

CM योगी ने दिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है। उन्होंने कहा कि हर माफिया इनका सगा है और इन्होंने हमेशा जनता को दगा देकर उनका शोषण किया है। सीएम योगी ने कहा कि, जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते और जब तक सख्ती नहीं की गई ये नहीं सुधरे। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है। बच्चे की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए सीएम योगी ने बताया कि वह शाम को पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस घटना के दोषियों को ढूंढकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें सजा मिल सके।

सांसद रवि किशन ने भी साधा निशाना

कार्यक्रम में मौजूद गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने भी इस हादसे को लेकर अखिलेश यादव पर पलटवार किया। कार्यक्रम में शामिल JCB से हुए हादसे का जिक्र करते हुए रवि किशन ने कहा कि, कल एक बड़ा पाप हुआ और चुनाव जीतने के नशे में आए लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता के बच्चे को कुचल दिया। लोगों ने इनकी अराजकता देख ली है और कुर्सी के लालच में इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि, बच्चे की अंत्येष्टि हो रही है और मुख्यमंत्री स्वयं परिवार से मिलने जाएंगे।

कैसे हुआ था हादसा

बता दें कि गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, आर्यवर्धन अपनी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसी दौरान रोड शो के पीछे तेज रफ्तार से आ रही फूल बरसाने वाली JCB ने छात्र को कुचल दिया। गंभीर हालत में छात्र को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंडी कॉलोनी के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव और रथयात्रा की आयोजन समिति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।