
CM Yogi Adityanath: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन संस्कृति, समाज की एकता और देश विरोधी साजिशों को लेकर बड़ा बयान दिया है। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें भारत की संस्कृति और विकास यात्रा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। CM योगी ने कहा कि याद रखना, समाज को बांटने वाले लोग वही हैं, जिनके आदर्श बाबर और औरंगजेब हैं।
CM योगी ने कहा कि सभी लोगों को भारत के खिलाफ होने वाली साजिशों को समझना होगा। कुछ ताकतें देश की विकास यात्रा, सनातन संस्कृति और परंपराओं को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि समाज में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो देश विरोधी साजिशों का हिस्सा बने हुए हैं। अगर ऐसे लोगों को पहचानने में लापरवाही बरती गई तो यह अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसी स्थिति होगी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में भारत दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी प्रगति यात्रा में कई देशों को पीछे छोड़ा है, इसलिए कुछ ताकतों को देश की बढ़ती ताकत पसंद नहीं आ रही है। सीएम योगी ने कहा कि ऐसी ताकतें देश में अस्थिरता, अशांति और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर ऐसी गतिविधियों का विरोध करने की अपील की।
योगी आदित्यनाथ ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल पहले देश के 120 जिलों में नक्सलवाद का प्रभाव था, लेकिन आज एक भी जिले में नक्सलवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाले लोग अब नए रूप और नए नामों के साथ सामने आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने रामायण के कालखंड में हनुमानजी का रास्ता रोकने वाले कालनेमि का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भी ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से देश के खिलाफ साजिशों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर यह संकल्प लेना होगा कि देश के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि आने वाले एक-दो सालों में भारत जब दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, तब प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां भी बढ़ेंगी।