ग्रेटर नोएडा

स्कॉर्पियो से नहीं भरा पेट, तो मांगी फॉर्च्यूनर! ग्रेटर नोएडा में शादी के 14 महीने बाद दीपिका ने छत से कूदकर दी जान

Greater Noida suicide : ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में दहेजलोभियों की प्रताड़ना से तंग आकर 24 वर्षीय नवविवाहिता दीपिका नागर ने छत से कूदकर जान दे दी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी में स्कॉर्पियो और 1 करोड़ का दहेज देने के बाद अब फॉर्च्यूनर कार मांगी जा रही थी। पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
मृतक दुल्हन की फोटो

Deepika Nagar Death : दहेज के लालच और रईसी की चाहत ने एक बार फिर एक होनहार बेटी की हंसती-खेलती जिंदगी लील ली। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में शादी के महज 14 महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी और एक करोड़ का दहेज देने के बाद भी जब ससुराल वालों का पेट नहीं भरा, तो वे फॉर्च्यूनर कार की मांग करने लगे। इसी मांग को लेकर किए जा रहे मानसिक और शारीरिक टॉर्चर से तंग आकर 24 वर्षीय दीपिका नागर ने आखिरकार घर की छत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस खौफनाक कदम के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें

‘मैं अपनी मर्जी से जा रही हूं’, सुसाइड से पहले मोनिका ने बनाया 6 मिनट का वीडियो, फिर लगा लिया मौत को गले

बीए-बीएड टॉपर थी दीपिका, 14 महीने पहले हुई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ी खेड़ा गांव के रहने वाले संजय नागर की बेटी दीपिका पढ़ाई-लिखाई में बेहद होनहार और टॉपर थी। उसने बीए और बीएड (BA-BEd) की डिग्री हासिल की थी और उसका भविष्य काफी उज्ज्वल था। करीब 14 महीने पहले उसकी शादी जलपुरा गांव के रहने वाले ऋतिक (मनोज के पुत्र) के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही दीपिका पर मायके से और नकदी व गाड़ी लाने का दबाव बनाया जाने लगा था।

1 करोड़ का दहेज और स्कॉर्पियो भी पड़ी कम

मायके पक्ष का दावा है कि उन्होंने शादी को यादगार बनाने और बेटी की खुशहाली के लिए अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। शादी के वक्त ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो (Scorpio) गाड़ी, करीब 50 लाख रुपये की कीमत का सोना और अन्य साजो-सामान मिलाकर कुल ₹1 करोड़ का दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लालच का अंत नहीं हुआ। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से पति और ससुर मिलकर दीपिका पर मायके से फॉर्च्यूनर (Fortuner) गाड़ी और 50 लाख रुपये कैश लाने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे हर दिन प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।

दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, 17 मई 2026 की रात को घर में इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। लगातार मिल रहे तानों और प्रताड़ना से टूट चुकी दीपिका ने आखिरकार देर रात घर की छत से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे बेहद गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पति और ससुर सलाखों के पीछे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता संजय नागर की तहरीर (शिकायत) के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मुख्य आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें

जीजा पर लगा साली के शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Also Read
View All