Noida News: दादरी में एक स्थानीय दुकान से मोमोज खाना एक ही परिवार के 9 सदस्यों सहित 10 लोगों के लिए उस वक्त जानलेवा आफत बन गया, जब उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी में 'स्ट्रीट फूड' का स्वाद उस वक्त मातम में बदल गया, जब मोमोज खाने से एक ही परिवार के 9 सदस्यों समेत कुल 10 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। पेट दर्द, उल्टी और तेज बुखार की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने एक बार फिर बाहर के खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के दादरी इलाके में बुधवार की शाम एक दुकान से खरीदे गए मोमोज 10 लोगों के लिए मुसीबत बन गए। मोमोज खाने के कुछ ही देर बाद एक ही परिवार के 9 सदस्यों समेत सभी लोगों को तेज पेट दर्द, बुखार और उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सभी को आनन-फानन में दादरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराना पड़ा। गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिस दुकान से मोमोज खरीदे गए थे, वहां से सैंपल लेकर अब जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि इलाज के बाद सभी मरीजों को छुट्टी दे दी गई। उनमें फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए गए। उन्होंने कहा कि सीएचसी दादरी में 10 लोगों को भर्ती किया गया था। इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। मोमोज खाने के बाद उनमें फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखे। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित लोगों में से नौ लोग एक ही परिवार के थे।
एक स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उनके परिवार के लोगों ने पास की ही एक दुकान से मोमोज खरीदे थे, जिसे खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। मोमोज खाने के बाद उन्हें बुखार, पेट दर्द और उल्टी होने लगी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दुकान मालिक के परिसर से सैंपल लिए गए हैं और उन्हें लैब टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।