ग्रेटर नोएडा

कॉलेज कैंपस तक पहुंची विदेशी ड्रग्स की सप्लाई चेन ध्वस्त! 15 लाख का माल जब्त; ग्रेटर नोएडा में नेटवर्क बेनकाब

Drug Racket Busted Greater Noida: पुलिस ने छात्रों तक विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स पहुंचाने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 15 लाख रुपये की प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद हुई है। जानिए पूरा मामला क्या है।
2 min read
Foreign drug supply chain reaching college campuses destroyed Greater Noida
ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स का नेटवर्क बेनकाब। फोटो सोर्स- X (@Shoaib_idrisi99)

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में पुलिस ने छात्रों तक विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स पहुंचाने वाले एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर यूनिवर्सिटी, कॉलेज और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत की विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद की गई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

एडिशनल DCP संतोष कुमार के मुताबिक, थाना नॉलेज पार्क पुलिस 30 जुलाई को क्राउन एक्सपो की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर 4 लोगों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उनके पास भारी मात्रा में नशीले पदार्थ मिलने के बाद सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स का बड़ा जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.05 किलोग्राम सिलोंग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड), 144 एमडीएमए एक्स्टेसी गोलियां और 63 ग्राम काला हशीश बरामद किया है। इसके अलावा ड्रग्स की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा और सप्लाई में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

WhatsApp के जरिए लेते थे ऑर्डर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और खासतौर पर WhatsApp के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। ऑर्डर मिलने के बाद कॉलेज, यूनिवर्सिटी और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों तक ड्रग्स पहुंचाई जाती थी। पुलिस के अनुसार विदेशी ड्रग्स 3 से 4 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बेची जाती थी, जिससे यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका है।

चारों आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलेसरा निवासी इमरान, उत्तराखंड निवासी दीपक कुमार, फर्रुखाबाद निवासी शिवम कुमार और हल्द्वानी निवासी बॉबी के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सप्लाई चेन और मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स कहां से पहुंच रही थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मास्टरमाइंड की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ-साथ पूरे गिरोह का खुलासा करने के लिए अभियान जारी रहेगा।