ग्रेटर नोएडा

आठ महीने पहले की थी लव मैरिज, पत्नी ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान, अगले ही दिन पति ने लगाई फांसी

Greater Noida Suicide Case : ग्रेटर नोएडा में दिल दहला देने वाली घटना! गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर पत्नी के जान देने के अगले ही दिन, सदमे में आए पति सौरभ ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पढ़ें पूरी खबर।

2 min read
Suicide Case
युवक ने पंखे से लटककर दी जान, PC- Chatgpt

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पत्नी की आत्महत्या के महज एक दिन बाद 21 वर्षीय युवक ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दो दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

मृतक की पहचान मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव निवासी सौरभ (21) के रूप में हुई है। वह सूरजपुर कस्बे की गुरुद्वारा वाली गली में किराये के मकान में रहकर ऑटो चलाता था।

गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर पत्नी ने दी थी जान

जानकारी के अनुसार सौरभ की पत्नी ने शनिवार को नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले पति-पत्नी के बीच व्हाट्सएप मैसेज को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद से ही सौरभ गहरे सदमे और मानसिक तनाव में था।

दोनों ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। पत्नी की मौत के बाद सौरभ पूरी तरह टूट चुका था और लोगों से कम बातचीत कर रहा था।

कमरे में पंखे से लटका मिला शव

सूरजपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि प्रेम कुंज स्थित गुरुद्वारा वाली गली में रहने वाले युवक ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर सौरभ का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पत्नी की मौत के बाद बेहद परेशान था सौरभ

स्थानीय लोगों के अनुसार सौरभ ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी की मौत के बाद वह बेहद तनावग्रस्त और गुमसुम रहने लगा था। पड़ोसियों का कहना है कि रविवार से ही वह किसी से ज्यादा बात नहीं कर रहा था।

उधर, पत्नी की आत्महत्या के मामले में मृतका के परिजनों ने सौरभ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए नॉलेज पार्क थाने में शिकायत दी थी, जिसकी जांच चल रही थी।

पुलिस हिरासत से भागने की चर्चा को बताया भ्रामक

सौरभ की मौत के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी शुरू हो गई कि वह पुलिस हिरासत से भागकर अपने कमरे पर पहुंचा था और वहीं उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने कहा कि मृतक किसी भी समय पुलिस हिरासत में नहीं था। हिरासत से फरार होने की बात पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।

वहीं, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

दो दिनों में उजड़ गया परिवार

लगातार दो दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंधों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
15 Jun 2026 06:13 pm
Published on:
15 Jun 2026 06:08 pm