
Jewar Airport First Flight : जेवर एयरपोर्ट में जमीन देने वाले किसान ने सुनाया रोचक किस्सा, PC- IANS
नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित कमर्शियल उड़ानें शुरू हो गई हैं। सोमवार को लखनऊ से इंडिगो की पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पर उतरी। फ्लाइट का स्वागत वॉटर कैनन से भव्य सलामी देकर किया गया। इस फ्लाइट में 161 यात्री सवार थे और लैंडिंग के बाद यह बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।
दूसरी फ्लाइट से एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसान, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं, नोएडा से लखनऊ पहुंचे। इन किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और एयरपोर्ट के शुरू होने पर अपनी खुशी व्यक्त की।
इसी दौरान एक किसान ने सीएम से बात करते हुए कहा कि मैं आपको एक किस्सा सुनाता हूं। बात सिर्फ 2 मिनट की है। सीएम ने मंच से इस बात पर हामी भरी। किसान ने कहा कि मेरे गांव का नाम दयातपुर है। मैं आपको 2017 से पहले और 2019 का एक किस्सा सुनाता हूं। मेरे गांव में एक विधवा महिला रहती थी। वह काफी बुजुर्ग थी और उनकी पेंशन आती थी। एक दिन वह बैंक से अपनी पेंशन निकालकर गांव वापस आ रही थी। उनके पास 7 हजार रुपए थे। वह गांव पहुंचने ही वाली थी कि बदमाश उनसे 07 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए।
किसान ने आगे कहा कि अब मैं आपको 2019 का एक किस्सा बताता हूं। मेरे गांव में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण हो रहा था और रुपयों का आवंटन हो रहा था। मेरे ही गांव के एक किसान फतेह मोहम्मद ने बैंक से पैसे निकाले और अपनी पगड़ी(तौलिए) में 20 से 25 लाख रुपए की रकम रख ली। उस गठरी में एक लाख से लेकर 50 हजार तक की गड्डियां थीं। गठरी को देख कर मैंने पूछा अरे इसे कैसे लेकर जाएंगे…मेरे यह कहते कहते ही उन्होंने गठरी उठाई और अपने सिर पर रख ली, मैने कहा कि अरे ऐसे कैसे लेकर जा रहे हो, कोई छीन लेगा। तो वह बोले- यो बाबा का राज से…कुछ न होतो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च 2026 को उद्घाटन किए गए इस एयरपोर्ट का पहला फेज पूरा हो चुका है। करीब 3300 एकड़ जमीन पर विकसित इस प्रोजेक्ट पर 11 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था, यानी मात्र पांच साल में यह तैयार हो गया।
चार फेज में पूरा होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा। पूर्ण रूप से तैयार होने पर यहां से हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्री यात्रा कर सकेंगे। जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला एक ऐतिहासिक प्रोजेक्ट साबित हो रहा है।
Published on:
15 Jun 2026 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
