
बसपा सुप्रीमो मायावती (Photo: Patrika)
UP Election 2027: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी चुनाव में उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही कर रही हैं। उन्होंने आकाश आनंद को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को सिरे से खारिज किया और कार्यकर्ताओं से ऐसे तत्वों से सावधान रहने की अपील की है।
मायावती ने बताया कि यूपी विधानसभा चुनाव अब करीब हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में कई अहम बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू आदि की प्रक्रिया के बाद अब तक 20 से अधिक प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जा चुके हैं। आगे भी सभी सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला उनके स्तर से ही किया जाएगा।
बसपा प्रमुख ने आकाश आनंद की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके बारे में सोशल मीडिया पर कई तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं जिनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। मायावती ने स्पष्ट किया कि केवल यूपी ही नहीं बल्कि देश भर में कहीं भी विधानसभा या लोकसभा चुनाव होते हैं तो उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर वही लगाती हैं। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर प्रत्याशी तय हो चुके हैं वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं कर उम्मीदवारों का ऐलान कर रहे हैं। इसी कड़ी में आकाश आनंद भी कुछ सीटों पर जनसभा कर प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे।
मायावती ने बताया कि आकाश आनंद को पिछले 1 साल से देश-भर में संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। हाल ही में जिन राज्यों में चुनाव हुए वहां भी उन्होंने पार्टी के लिए चुनावी रैलियां कीं। वह अपनी सभी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने पिछले साल 9 अक्टूबर, 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर हुई महारैली और लोकसभा चुनाव के दौरान आकाश आनंद द्वारा किए गए प्रचार का भी जिक्र किया।
मायावती ने साफ किया कि आकाश आनंद द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के लिए जनसभाएं करना पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उनके राजनीतिक कद को बढ़ाने या घटाने अथवा उम्मीदवार चयन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर चल रही बेतुकी बातों पर ध्यान न दें और ऐसे शरारती तथा जातिवादी तत्वों से हमेशा सतर्क रहें।
Updated on:
31 Jul 2026 06:54 pm
Published on:
31 Jul 2026 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
