ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में सरेराह खूनी खेल: शादी से घर जा रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 गोलियां लगने से मौत

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में कूड़ा फेंकने को लेकर पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। शादी समारोह से लौट रहे साजन की उसके पड़ोसियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी।

2 min read
ग्रेटर नोएडा में सरेराह खूनी खेल..

Greater Noida Murder Case: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी समारोह से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें

बरेली में जिम की आड़ में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर मांगे 50 लाख, दो भाई गिरफ्तार

शादी से लौटते वक्त हुआ हमला

साकीपुर गांव निवासी साजन मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उसके पड़ोसी मंगेश और उसके तीन साथियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद कहासुनी और गाली-गलौज के बीच मामला अचानक हिंसक हो गया।

पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह

दोनों पक्षों के बीच विवाद तेजी से बढ़ा और आरोप है कि मंगेश ने साजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में साजन को तीन गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

नशे में थे आरोपी, डीसीपी का बयान

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे। उन्होंने बताया कि पुरानी दुश्मनी और कूड़ा फेंकने को लेकर चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया, जिसके बाद यह हत्या की वारदात हुई।

हत्या का मामला दर्ज, पुलिस की कार्रवाई तेज

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मंगेश, वीर सिंह, वीरवती, श्रीपाल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है।

इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार में मातम

साजन की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे साकीपुर गांव में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दोनों पक्षों के बीच चल रहा विवाद सुलझा लिया जाता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Also Read
View All