ग्रेटर नोएडा

नोएडा में लिव-इन कपल की संदिग्ध मौत, पति-पत्नी बनकर रह रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, बंद कमरे में मिली दोनों की लाश

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में एक बंद कमरे से लिव-इन कपल के शव बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि आपसी विवाद के बाद युवक ने युवती की हत्या की और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।

less than 1 minute read
Feature image

Greater Noida Crime: नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किराए के कमरे से युवक-युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों यहां पति-पत्नी बनकर पिछले तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बुधवार देर रात पड़ोसियों को कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा खौफनाक था, युवक का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि युवती जमीन पर मृत पड़ी थी।

आर्थिक तंगी और आपसी विवाद बना वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) फिलहाल बेरोजगार था, जबकि उसकी पार्टनर ज्योति नोएडा के एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी। ज्योति पिछले 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी, जिससे घर की आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई थी। पड़ोसियों का कहना है कि खर्चों और बेरोजगारी को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी।

दो दिन पुरानी है लाश, पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, शवों की हालत देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह घटना करीब दो दिन पहले की है। कमरे के अंदर से दुर्गंध उठने के बाद ही मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि गुड्डू के परिजनों को उसकी इस कथित शादी या लिव-इन के बारे में जानकारी नहीं थी। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं गुड्डू ने ज्योति की हत्या करने के बाद खुदकुशी तो नहीं की।

Published on:
23 Apr 2026 12:49 pm