
Inspector Death in Road Accident: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को बड़ा सड़क हादासा हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे पर नए फ्लाईओवर के निकट मांट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को एक डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एस्कॉर्ट वाहन में सवार दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मथुरा जिले की मांट विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश चौधरी रविवार दोपहर जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ जा रहे थे। उनके काफिले के साथ यमुना एक्सप्रेसवे पर नए फ्लाईओवर के निकट पहुंचते ही गलत दिशा से आ रहे डंपर ने एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी। तेज टक्कर के बाद एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद विधायक राजेश चौधरी ने अपनी गाड़ी रोकी और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में सहायता की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दरोगा राजेंद्र सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
सड़क हादसे में दारोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौत के बाद विधायक ने दुख जताया है। विधायक ने खेद प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण डंपर का गलत दिशा में चलना पाया गया है। इस घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।