ग्रेटर नोएडा

मानसून का कमबैक! दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, IMD अलर्ट

Monsoon Returns: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मानसून की वापसी होने वाली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Sep 2025, 5:42 PM IST
फोटो सोर्स: पत्रिका
फोटो सोर्स: पत्रिका

Monsoon Returns: दिल्ली-एनसीआर से मानसून अभी पूरी तरह विदा नहीं हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश की प्रबल संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल गुरुवार को लोगों ने बादलों और धूप की लुकाछिपी के बीच उमस भरी गर्मी का अनुभव किया। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार और रविवार को झमाझम बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन बारिश की संभावना कम ही है। हालांकि रात में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं जरूर चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है। जबकि बात अगर शनिवार और रविवार की करें तो इन दो दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलेगा। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि रविवार को दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहने की उम्मीद है।

अगले हफ्ते का रुख

सोमवार से गुरुवार तक मौसम लगभग स्थिर रहेगा। इस दौरान न तो बारिश की संभावना है और न ही तेज हवाएं चलेंगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। सोमवार से बुधवार तक अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। यानी शनिवार और रविवार के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश का प्रभाव कम होता दिखाई दे रहा है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि अभी पूरी तरह यह नहीं कहा जा सकता कि मानसून की विदाई हो चुकी है। मौसम प्रणालियां घंटा दर घंटा बदलती रहती हैं। ऐसे में मानसून कभी भी वापसी कर सकता है। मौजूदा मौसम प्रणाली में शुक्रवार को मानसून की ट्रफ लाइन का पश्चिमी सिरा सामान्य से उत्तर में पंजाब के अमृतसर, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फर नगर-हरदोई झारखण्ड के डाल्टन गंज से होती हुई बंगाल की खाड़ी में जा रही है।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गिरावट

इस बीच राजधानी की हवा की गुणवत्ता में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 112 रहा। यह स्तर ‘मध्यम श्रेणी’ में माना जाता है। सीपीसीबी के मानक के अनुसार 0-50 के बीच AQI अच्छा माना जाता है, जबकि 51-100 के बीच संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 के बीच बेहद गंभीर श्रेणी में आता है।

Updated on:
12 Sep 2025, 5:42 PM IST
Published on:
Also Read
View All