Noida News: ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक दिल दहला देने वाली घटना को जन्म दिया, जहां एक पिता ने अपने 13 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया।
Father Kills Son Noida:ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब 13 साल का सुधांशु अपने पिता प्रदीप के साथ घर से निकला और वापस नहीं लौटा। परिवार को शुरुआत में बताया गया कि वह कहीं चला गया है, लेकिन देर रात तक कोई जानकारी न मिलने पर चिंता गहराने लगी।
परिवार की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें साफ देखा गया कि सुधांशु आखिरी बार अपने पिता प्रदीप के साथ ही गया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार पुलिस और परिवार को अलग-अलग कहानियां सुनाकर गुमराह करता रहा।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पास के एक तालाब में बच्चे का शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।
पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद आरोपी प्रदीप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पहले उसने बेटे का गला दबाकर हत्या की और फिर शव को तालाब में फेंक दिया, ताकि मामला अपहरण या बाहरी हत्या जैसा लगे और शक किसी और पर जाए।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने भाइयों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसने यह खौफनाक साजिश रची और अपने ही बेटे की हत्या कर दी, ताकि आरोप उसके भाइयों पर लगाया जा सके और उन्हें फंसाया जा सके।
परिवार के अनुसार, चार भाइयों के बीच संपत्ति का बंटवारा पहले ही हो चुका था, लेकिन सड़क किनारे स्थित करीब दो बीघा जमीन को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था। आरोपी प्रदीप को आशंका थी कि उसे उस जमीन से वंचित कर दिया जाएगा, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में था।
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रदीप नशे का आदी था और उसका अधिकांश खर्च दुकानों के किराए से चलता था। जमीन से मिले पैसों से उसने घर और कार खरीदी थी, लेकिन विवाद और लालच ने उसे धीरे-धीरे इस खतरनाक रास्ते पर धकेल दिया।
वारदात के खुलासे के बाद आरोपी ने खुद के गले पर चाकू से वार कर आत्महत्या की कोशिश भी की। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।