ग्रेटर नोएडा

‘मैं अपनी मर्जी से जा रही हूं’, सुसाइड से पहले मोनिका ने बनाया 6 मिनट का वीडियो, फिर लगा लिया मौत को गले

Noida Suicide Case: ग्रेटर नोएडा के घोड़ी बछेड़ा गांव में मोनिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में 6 मिनट का एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह आत्महत्या की बात कह रही है। हालांकि, मायके पक्ष ने पति अनुज चौहान पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
2 min read
Monika Nagar Case Greater Noida
फोटो- सोशल मीडिया

Monika Nagar Case Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के घोड़ी बछेड़ा गांव में हुई 22 वर्षीय मोनिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मोनिका की मौत के चार दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसने इस पूरी गुत्थी को और उलझा दिया है। करीब 6 मिनट 13 सेकंड के इस भावुक वीडियो में मोनिका गहरे मानसिक तनाव और पीड़ा में नजर आ रही है। वीडियो की शुरुआत में वह कैमरे के सामने रोते हुए यह कहती दिख रही है कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है। मोनिका के टूटे हुए शब्द और उसकी हालत साफ संकेत दे रहे हैं कि वह किसी बड़े मानसिक दबाव में थी। बताया जा रहा है कि वीडियो के अंत में फांसी लगाने तक के विचलित करने वाले दृश्य भी रिकॉर्ड हैं।

परिजनों ने लगाया हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप

हालांकि, इस वीडियो के सामने आने के बाद भी मोनिका का मायका पक्ष इसे आत्महत्या मानने के लिए तैयार नहीं है। मोनिका की मां ने उसके पति अनुज चौहान समेत परिवार के सात लोगों पर हत्या, मारपीट और गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मोनिका ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही उसे संपत्ति और पैसों के लिए लगातार टॉर्चर किया जा रहा था। परिवार का दावा है कि 7 मई को मोनिका ने अपने भाई को फोन कर ससुराल वालों द्वारा मारपीट किए जाने की बात बताई थी, लेकिन जब वे गांव पहुंचे तो वह मृत मिली। आरोप यह भी है कि सबूत मिटाने के लिए शव को सड़क किनारे ले जाकर जलाने की कोशिश भी की गई थी।

जांच में जुटी पुलिस, पति गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मोनिका और अनुज ने करीब तीन महीने पहले ही कोर्ट मैरिज की थी। शुरुआती जांच में यह बात पुख्ता हुई है कि उनके बीच पैसों के लेन-देन और पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी पति अनुज चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस वायरल हुए इस वीडियो की फोरेंसिक जांच करवा रही है ताकि इसकी सत्यता का पता चल सके। जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह वास्तव में आत्महत्या है या मोनिका को मानसिक रूप से इस हद तक मजबूर किया गया कि उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने, दोनों ही पहलुओं पर सघन जांच कर रही है।

Updated on:
13 May 2026 11:21 am
Published on:
13 May 2026 11:21 am