ग्रेटर नोएडा

VIDEO : देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के खिलाफ उतरे लोग, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

चार गुना मुआवजा की मांग को लेकर विभिन्न गांव के किसान जेवर में दयानतपुर गांव में पिछले लंबे समय से धरने पर बैठे हैं।

2 min read
Feature image

ग्रेटर नोएडा। जेवर में बनने वाले इंटरनेश्नल एयरपोर्ट के लिए ली जाने वाली जमीन का उचित मुआवजा मांग रहे किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। जिसके चलते सैकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय पर पहुंचकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। वहीं चार गुना मुआवजा की मांग को लेकर विभिन्न गांव के किसान जेवर में दयानतपुर गांव में पिछले लंबे समय से धरने पर बैठे हैं।

दरअसल, जेवर एयरपोर्ट किसान संघर्ष समिति के बैनर तले प्रभावित गांव के सैकड़ों किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जमीन अधिग्रहण व प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इनमें दयानतपुर, खेड़ा, नंगला छीतर, नगला जहानू, नंगला शरीफ खां, रोही, किशोरपुर, बनवारीवास, पारोही, गनेशी नगला, रन्हेरा आदि गांवों के लगभग तीन सौ किसानों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

समिति के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने कहा कि अधिग्रहण नियमों के विरुद्ध किया जा रहा है। सरकार ने वर्ष 2013 में अधिग्रहण कानून बनाया था। लेकिन सरकार कानून के तहत अधिग्रहण नहीं कर रही है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि बरगला कर किसानों की जमीन पर सहमति ली गई है। उन्हें अभी तक यह नहीं बताया गया है कि उन्हें कितना मुआवजा दिया जाएगा। जिन किसानों की जमीन ली जाएगी उन्हें कहां पर बसाया जाएगा।

किसानों का आरोप है कि अधिकारी गलत तरीके से अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा करने में लगे हैं। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह को ज्ञापन सौंपा है। एडीएम दिवाकर सिंह ने बताया कि अभी किसानों से आपत्ति ली जा रही है। आपत्ति लेने के निर्धारित समय के बाद उनका निस्तारण किया जाएगा।

Published on:
23 Nov 2018 01:47 pm