
मेरठ में गिल्ली-डंडा खेलते समय हुआ कुछ एेसा बवाल कि सांप्रदायिक तनाव फैल गया, देखें वीडियो
मेरठ। मेरठ में गिल्ली-डंडे के खेल ने ऐसा बवाल कराया कि क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। गिल्ली-डंडा खेलने को लेकर दो पक्षो में जमकर मारपीट हुई। झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे दो युवकों को भी आरोपियों ने मार पीटकर घायल कर दिया।
कान पर गिल्ली लगने से हुआ तनाव
मामला मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट इलाके के सुहैल गार्डन का है। सुहैल गार्डन निवासी युवक सोनू अपने साथियों के साथ गुल्ली-डंडे खेल रहा था। इसी दौरान वहां से ट्रैक्टर लेकर गांव बजोड़ निवासी राहुल निकला। गुल्ली उसके कान के पास आकर लगी। जिस पर उसने एेतराज जताया। इस पर सोनू ने अपने तीन दोस्तों के साथ उसकी पिटाई कर दी। घायल राहुल गांव पहुंचा और यह बात बताई। इसके बाद ट्रेक्टर में भरकर आए ग्रामीणों ने गिल्ली-डंडा खेल रहे नूरआलम, शायरा और अमीरूद्दीन की पिटाई कर दी। वहीं जब स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा और मौके से फरार हो गए। हमले में एक युवक को चोटें आईं हैं।
घटना के बाद से बना हुआ तनाव
इसके बाद दोनों ओर से धारदार हथियार और र्इंट-पत्थर चलने लगे। मौके पर थाना परतापुर के साथ ही लिसाड़ी गेट की पुलिस भी पहुंची, लेकिन पुलिस के सामने भी पथराव होता रहा। लोग एक-दूसरे को दौड़कर मार रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि गिल्ली-डंडा खेलने के नाम पर सुहैल गार्डन में जुआ खेला जाता है। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी रणविजय सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। गांव बजोड़ के बच्चे एक स्कूल में पढ़ने गए थे। जिनको पुलिस की सुरक्षा में घर पहुंचाया गया। घटनास्थल पर अब भी तनाव बना हुआ है। एसपी सिटी ने बताया कि मौके पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
Published on:
23 Nov 2018, 12:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.