ग्रेटर नोएडा

अब 8 साल की मासूम से रेप, CM योगी को ट्वीट के बाद हुई ये कार्रवाई

पुलिस मासूम का मेडिकल कराने के लिए गुरुवार रात में दादरी अस्पताल लेकर पहुंची।
2 min read
• •
Updated: 29 Dec 2017, 6:39 PM IST
rape victim

ग्रेटर नोएडा। यहां के जारचा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग द्वारा 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उसे बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी कर रही है। इधर एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस को मासूम बच्ची का मेडिकल कराने के लिए पापड़ बेलने पड़ गए। दरअसल, अस्पताल में मौजूद डॉक्टर पुलिसकर्मियों को मेडीकल करने वाले डॉक्टर के न होने की बात कहकर टरकाते रहे। गुरुवार देर रात पुलिस के सीनियर अधिकारी हरकत में आए तब जाकर बच्ची का मेडिकल हुआ।

जानकारी के अनुसार गांव की रहने वाली 8 साल की मासूम के साथ में पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने रेप की घटना को अंजाम दिया। यह घटना गुरुवार को हुई। नाबालिग उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की। काफी तलाशने के बाद मासूम बच्ची परिजनों को लहूलुहान हालत में मिली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर देर रात हिरासत में ले लिया।

इधर-उधर टरकाते रहे डॉक्टर
एक तरफ जहां मासूम हैवानियत की शिकार हुई, वहीं डॉक्टरों ने भी हद कर दी। पुलिस मासूम का मेडिकल कराने के लिए गुरुवार रात में दादरी अस्पताल लेकर पहुंची। एनटीपीसी चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि वहां डॉक्टर तो मौजूद थे, लेकिन मेडिकल करने वाला डॉक्टर न होने की वजह से उन्हें नोएडा के जिला अस्पताल भेज दिया गया। उसके बाद वे बच्ची को लेकर जिला अस्पताल में पहुंचे। यहां भी मौजूद अस्पताल के स्टॉफ ने डॉक्टर न होने की बात कही और उन्हें भंगेल स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया। इसके बाद में पुलिसकर्मी बच्ची को लेकर भंगेल पहुंचे, लेकिन यहां भी मेडिकल नहीं हो सका। एनटीपीसी चौकी इंजार्च संजीव कुमार ने बताया कि बाद में मामले की सूचना एसपी देहात सुनीति सिंह को दी गई। मामला सीनियर अफसरों तक पहुंचने के बाद डॉक्टर हरकत में आए और देर रात जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची का मेडिकल किया।

CM योगी को ट्वीट के बाद हुई कार्रवाई
'नोएडा के सरकारी अस्पताल में रात को ताला लग जाता है। रातभर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल के चक्कर लगाती रही छह साल की दुष्कर्म पीड़िता। जारचा में हुआ था दुष्कर्म।' नोएडा के एक मीडियाकर्मी ने यह ट्वीट यूपी सरकार और यूपी के चीफ सेक्रेट्री को भी किया था। इस पूरे मामले में ट्वीट का संज्ञान लेकर शासन स्तर से कार्रवाई कराई गई।

Updated on:
29 Dec 2017, 6:39 PM IST
Published on:
Also Read
View All