
Guna Batiyadar Murder Case: मध्यप्रदेश के गुना जिले के सिरसी के नयागांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में बटियादार की हत्या के विरोध में पटेलिया समाज और यादव समाज के लोगों ने सिरसी थाने के सामने शव रखकर चार घंटे प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान करीब 300 से 400 ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शव रखकर प्रदर्शन कर रह लोगों ने आरोपियों के घरों व खेतों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। करीब 4 घंटे तक थाने के बाहर प्रदर्शन व समझाइश का दौर चला। करीब 4 घंटे बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और यथासंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर प्रदर्शनकारियों ने शव को थाने के गेट से हटाया। इस दौरान गुना- सिरसी निहालदेवी मार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह से बंद रहा।
सिरसी क्षेत्र के नयागांव और सालौदा गांव के बीच ललित पटेलिया की जमीन को लेकर शनिवार शाम को विवाद हो गया था। जहां मक्का की उपज काट रहे ललित पटेलिया के बटियादार पिस्सम पुत्र कपूरा यादव 40 साल व उसकी पत्नी सुनीता यादव व खेत मालिक ललित की पत्नी जागृति बाई पर सालौदा गांव से पहुंचे लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया था। हमला करने का आरोप गजानंद धाकड़, धनराज धाकड़, लौटू धाकड़, राजेश, अमरसिंह, लक्ष्मण सहित दो अन्य पर है। इस हमले में बटियादार पिस्सम यादव की मौत हो गई थी। जबकि सुनीता यादव व जागृति बाई गंभीर रूप से घायल हुई थी। पुलिस ने रविवार सुबह जिला अस्पताल में पिस्सम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।