
गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna Stolen Bike GPS Recovery: मध्यप्रदेश के गुना से बाइक चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित ने पुलिस की मदद के बिना ही अपनी सूझबूझ और तकनीक के सहारे चोरी गई बाइक 40 किमी दूर से ढूंढ निकाली। युवक ने बाइक में पहले से GPS लगवा रखा था और इसी GPS की मदद से युवक ने अपनी चोरी हुई बाइक को दोस्तों के साथ मिलकर ढूंढ निकाला। पीड़ित का आरोप है कि बाइक चोरी होने के बाद जब वह थाने पहुंचा तो पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय सिर्फ आवेदन लेकर उसे वापस भेज दिया।
संतोष प्रजापति की बाइक 14 नवंबर की रात करीब 8 बजे हनुमान टेकरी परिसर से चोरी हो गई थी। उस समय परिसर में अन्नकूट महोत्सव चल रहा था। संतोष ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक पानी की टंकी के पास खड़ी की थी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वो वापस लौटे तो बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास की काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद वो पुलिस थाने पहुंचा, संतोष का आरोप है कि पुलिस ने उसकी FIR दर्ज नहीं की।
पुलिस की ओर से मदद न मिलने पर संतोष ने खुद अपनी बाइक को ढूंढने का बीड़ा उठाया। उसने मोबाइल पर बाइक की GPS लोकेशन ट्रैक की। बाइक की लोकेशन कनेरा-कनेरी क्षेत्र में दिखाई दी। इसके बाद संतोष अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी। करीब तीन दिन की मशक्कत के बाद 17 नवंबर को एक खेत की मेड़ पर उसकी बाइक खड़ी मिली। चोरों ने बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट और मिरर और रेडियम हटा दिए थे। संतोष ने बताया कि वो धार्मिक यात्राओं का शौकीन है और बाइक से ही खाटूश्याम और अयोध्या सहित कई स्थानों की यात्राएं कर चुका है। लंबी यात्राओं के दौरान सुरक्षा के लिहाज से ही उसने बाइक में GPS लगवाया था, जो आज काम आया और उसे उसकी बाइक मिल गई।