
गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna BJP Leader Slipper Assault: मध्यप्रदेश के गुना में शहर के तलैया मोहल्ला चौराहे पर उस वक्त अचानक हड़कंप मच गया। जब एक महिला ने भाजपा नेता का कॉलर पकड़कर चौराहे पर थप्पड़ और चप्पलों से पिटाई कर दी। चौराहे पर हो रहे हाई-वोल्टेज ड्रामा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पिटाई खाने वाले नेताजी बाबूलाल सेन वर्तमान में भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं और पूर्व में झागर मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं।
पूरा विवाद रिश्तेदारी में पैसों की धोखाधड़ी और बैंक लोन को लेकर उपजा है। पीड़िता संगीता सेन (30) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बूढ़े बालाजी का आरोप है कि आरोपी चाचा बाबूलाल सेन ने साल 2017 में उसके नाम पर 5 लाख रुपए का लोन निकलवाया था और उसके पैसे हड़प लिए। न तो उन्होंने यह रकम बैंक में जमा की और न ही पीड़िता को दी, जिसके कारण अब बैंक वाले संगीता को परेशान कर रहे हैं। संगीता का कहना है कि वह तीन बच्चों की मां है और मजदूरी कर परिवार चलाती है।
देखें वीडियो-
पूर्व में भी उसने 22 जुलाई को एसपी से शिकायत की थी कि, बाबूलाल ने उससे उधार ली गई राशि के साक्ष्य कागजात जला दिए और मांगने पर गाली-गलौज व धक्का मुक्की की। जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो तलैया मोहल्ला चौराहे पर सब्र का बांध टूट गया और उसने चप्पलों से चाचा की पिटाई कर दी। मारपीट का शिकार हुए भाजपा नेता बाबूलाल सेन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बाबूलाल का कहना है कि संगीता उनके चाचा के लड़के की बेटी (भतीजी) है, जिसे परिवार ने अलग कर रखा है। उनका दावा है कि उन्होंने सिर्फ लोन दिलाने में मदद की थी, बाकी लेनदेन से उनका कोई संबंध नहीं है। भतीजी उन्हें धोखे से बुलाकर गलत तरीके से पैसों की मांग कर रही है और प्रताड़ित कर रही है। इधर चौराहे पर हो रहे हंगामे की खबर लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भाजपा नेता व महिला को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों की शिकायत और एसपी को दिए आवेदन पर मामले को जांच में लिया है।