गुना

Guna news: स्कूटी के बराबर लगाई बाइक, अचानक घसीटी गोल्ड चेन, सड़क पर गिरी स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी

Gold chain snatched: ड्यूटी से लौट रही स्वास्थ्य विभाग की दो महिला कर्मचारियों को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। चेन स्नेचिंग के दौरान स्कूटी पलटने से एएनएम गंभीर रूप से घायल हो गईं...
2 min read
Jul 17, 2026
Gold chain snatched: स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी से चेन स्नेचिंग (Photo Source - Patrika)
Gold chain snatched: स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी से चेन स्नेचिंग (Photo Source - Patrika)

Guna news: एमपी के गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र में शाम के समय बिलोनिया बायपास पर बाइक सवार लुटेरों ने दुस्साहस दिखाते हुए ड्यूटी से लौट रही स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों को निशाना बनाया। चलती स्कूटी पर झपट्टा मारकर बदमाशों ने एएनएम के गले से सोने की चेन लूट ली। इस वारदात के दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एएनएम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

ड्यूटी कर लौट रही थीं हैल्थ वर्कर्स

जानकारी के अनुसार, तिन्सयाई उपस्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) परबीन बानो और एएनएम ऊषा ओझा शाम करीब 5.30 बजे अपनी ड्यूटी खत्म करके स्कूटी से घर लौट रही थीं। स्कूटी सीएचओ परबीन बानो चला रही थीं, जबकि एएनएम ऊषा ओझा पीछे बैठी थीं। जैसे ही उनकी स्कूटी बिलोनिया बायपास के पास पहुंची, पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी के समानांतर अपनी बाइक लगा दी। इससे पहले कि दोनों महिलाएं कुछ समझ पातीं, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पूरी ताकत से एएनएम ऊषा ओझा के गले में झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली।

सड़क पर गिरीं एएनएम, सिर में आई गंभीर चोट

अचानक हुए इस हमले और चेन खींचने की कशमकश के कारण चलती स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में पीछे बैठीं ऊषा ओझा सड़क पर दूर तक घिसटती चली गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गईं। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे पलक झपकते ही हवा में बाइक लहराते हुए फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों और सहमी हुई सीएचओ परबीन बानो ने तुरंत घायल एएनएम को संभाला। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बायपास व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों का सुराग लगाया जा सके। इस वारदात से स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय राहगीरों में खौफ का माहौल है।

AIIMS भोपाल में चेन स्नैचिंग

बीतों महीने पहले भोपाल एम्स में महिला कर्मचारी के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई थी यहां पर लिफ्ट में महिला कर्मतारी से मंगलसूत्र की लूट की गई है। हैरानी की बात ये है कि, लूट की ये सनसनीखेज वारदात अस्पताल में एक दिन पहले हुई थी, लेकिन सोमवार को इसके बारे में पता चल सका। वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Updated on:
17 Jul 2026 04:25 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:25 pm