
Jodhpur Bhopal Express, जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में लूट (Source- INDIAN RAILWAY)
गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna Jodhpur Bhopal Express Robbery: मध्यप्रदेश के गुना जिले में रुठियाई आउटर पर अज्ञात बदमाशों ने जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिग्नल के इंतजार में आउटर पर खड़ी ट्रेन में दो दर्जन से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने अलग-अलग कोच में लूटपाट की। लूटपाट के दौरान जिन यात्रियों ने बदमाशों का सामना करने की कोशिश की उनके ऊपर पथराव कर दिया। इसमें दो यात्री घायल हुए हैं जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। ट्रेन में सवार करीब सात-आठ यात्रियों की जेवरात, बैग व मोबाइल लूटकर ले जाने की बात यात्रियों ने कही है। हालांकि जीआरपी ने इस मामले में दर्ज एफआईआर में चार अलग-अलग यात्रियों के साथ वारदात होने का जिक्र किया है। कोटा मंडल के तहत हुई इस बड़ी वारदात ने एक बार फिर से ट्रेनों में रात के समय चलने वाली सुरक्षा गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्रेन में सवार यात्रियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस रात करीब 2.20 बजे रुठियाई आउटर पर सिग्नल नहीं होने से रुकी थी। तभी वहां पहुंचे तकरीबन 25-27 नई उम्र के नकाबपोश बदमाश ट्रेन के एस-6 और एस-5 कोच के पास आकर खड़े हुए। पांच-पांच, छह-छह बदमाश दोनों कोच के अंदर घुसे और सो रही महिला व पुरुष यात्रियों के गले में पहने मंगलसूत्र, चेन, कानों के झुमके और बैग छीना झपटी करने लगे। इस दौरान पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। करीब आधा घंटे तक बदमाश दहशत फैलाते रहे।
ट्रेन के आरक्षित कोच में आधी रात को हुई लूटपाट से मचे शोर शराबे से दोनों कोच में सो रहे यात्रियों की नींद खुल गई। कुछ यात्रियों ने छीना झपटी कर रहे बदमाशों को रोकने व पकड़ने की कोशिश की तो ट्रेन के नीचे खड़े उनके साथियों ने यात्रियों के ऊपर नीचे से ही पथराव कर दिया। इस पथराव में दो यात्री घायल हुए हैं। जिनमें एक छबड़ा राजस्थान निवासी अब्दुल कलाम खान को पेट व गुलाबगंज विदिशा के एक अन्य यात्री संतोष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है।
इस दौरान पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी की स्थिति बन रही। करीब आधा घंटे तक बदमाश दहशत फैलाए रहे। यात्रियों ने किसी तरह से ट्रेन की खिड़कियां व दरवाजे अंदर से लॉक करके खुद को बचाया और रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी। तब कहीं जाकर करीब आधा घंटे बाद रुठियाई स्टेशन से आरपीएफ चौकी के एएसआई विनोद कुमार, प्रधान आरक्षक हेमराम मीणा, जीआरपी प्रधान आरक्षक विनोद सहित चार से पांच जवान पहुंचे लेकिन फोर्स को देखकर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर झाडियों में कूदकर भाग निकले। बाद में यात्रियों की एफआइआर चलती हुई ट्रेन में दर्ज की गई।
1- गुना जीआरपी थाना प्रभारी श्रीपाल सिंह भदौरिया के अनुसार, कोच एस- 5 में सीट नंबर 73,74,76 पर परिवार के साथ सफर कर रही हरबो बाई पत्नी करन सिंह 45 साल निवासी गुलाबगंज विदिशा के कानों से झुमके बदमाश खींचकर ले गए।
2- कोच एस-6 में सफर कर रहीं 35 वर्षीय ममता मेवाड़ा पत्नी नरेश मेवाड़ा, निवासी भोपाल का मंगलसूत्र छीनकर ले गए।
3- कोच एस- 6 में ही सीट नंबर 17 पर सफर कर रहे अब्दुल कलाम पुत्र कय्यूम खान 55 साल निवासी सब्जी मंडी छबड़ा (राजस्थान) की पत्नी आवेदा बानो 41 साल के गले से सोने की चेन बदमाश खींचकर ले गए।
4- कोच एस- 5 में सीट नंबर 79 पर सफर कर रहे राहुल पुत्र मुल्तान उम्र 27 वर्ष निवासी सिमरत वालावेरा मंडोर जोधपुर राजस्थान का पिट्टू बैग छीनकर ले गए। बैग में पहनने के कपड़े, एटीएम, आधार, पेन कार्ड, जाति- मूल निवास, जन्म आदि प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट सहित अन्य सामान लूटकर ले गए।
Updated on:
16 Jul 2026 08:33 pm
Published on:
16 Jul 2026 08:33 pm
