
Guna News : कांग्रेस पार्टी दिसंबर के महीने में वोट चोरी और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन करने जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को सूबे के गुना जिले में मीडिया से चर्चा के दौरान ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन के जरिए लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जीतू पटवारी ने कहा कि, देश के हर नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना जरूरी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए ये सुनिश्चित होना चाहिए कि, हर मतदाता अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से इस्तेमाल कर सके। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस दिसंबर में देशभर में रैलियां निकालकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करेगी। इस दौरान पार्टी द्वारा अभियान के जरिये जनता के बीच अपनी बात रखने और वोट चोरी के आरोपों के साथ - साथ संविधान की रक्षा से जुड़े सवालों को उठाने का काम करेगी।
इससे पहले ब्यावरा की ओर से गुना पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह का चिंताहरण टोल नाके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सुबह करीब 11:30 बजे हुए इस स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता अपने बच्चों को भी साथ लेकर पहुंचे थे। इस दौरान जीतू पटवारी एक बच्चे से न सिर्फ बातचीत की, बल्कि उसे दुलारते हुए भी नजर आए। स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। इसके बाद पटवारी और जयवर्धन सिंह आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
दोनों नेता यहां से शिवपुरी जिले के पोहरी पहुंचे। यहां विधायक कैलाश कुशवाह की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती के मौके पर आमसभा आयोजित की गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी शामिल हुए हैं।
कांग्रेस के दिसंबर में प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को इस अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाएगी।