
Guna Crocodile Rescue: मध्यप्रदेश के गुना जिले के मधुसूदनगढ़ क्षेत्र के बरसत गांव में किसान के निजी कुएं में मगरमच्छ गिरने का मामला सामने आया है। रविवार की सुबह जब किसान ने कुएं में मगरमच्छ को देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम को खबर दी गई। वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालकर अपने साथ ले गई। वन विभाग की टीम ने शाम को मगरमच्छ को पार्वती नदी के जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया ।
बरसत गांव में रहने वाले किसान हेमराज मीना के कुएं में मगरमच्छ होने की सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी मधुसूदनगढ़ धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में फॉरेस्ट टीम मौके पर पहुंची। कुएं में पानी ज्यादा होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लगा। सुबह करीब 7 बजे मोटर चलवाकर कुएं का पानी कम करने की प्रक्रिया शुरू की गई। दोपहर करीब 2 बजे तक पानी कम होने के बाद रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू हो सकी। तब कहीं जाकर मगरमच्छ को बाहर निकाला जा सका। ऑपरेशन को सफल बनाने गुना से इस तरह के रेस्क्यू में विशेषज्ञता रखने वाले पप्पू दादा को बुलाया गया। वन कर्मचारियों और विशेषज्ञ ने संयुक्त प्रयास करते हुए जाल की मदद से मगरमच्छ को नियंत्रित किया और सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला।
शाम चार बजे उसे पार्वती नदी के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में मनीष तिवारी, मनोज सेलर, गिरिराज मीना, जगदीश जाटव, अरविंद गुर्जर का भी सहयोग रहा। रेस्क्यू के बाद रेंजर धर्मेन्द्र शर्मा ने किसानों से आग्रह किया कि, जिन कुओं पर सुरक्षा मुंडेर नहीं बनी है, वहां प्राथमिकता से मुंडेर बनवाएं। खुले और बगैर मुंडेर वाले कुएं वन्यजीवों के लिए खतरा बन सकते हैं। कई बार वन्यजीव इनमें गिरकर घायल हो जाते हैं। ऐसे में कुओं के आसपास सुरक्षा इंतजाम करना जरूरी है।