
गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna Crime News: मध्यप्रदेश के गुना जिले के धरनावदा गांव में एक परिवार घर में शाम के वक्त घर में धनतेरस के पूजन की तैयारियां कर रहा था। तभी तीन बीघा जमीन के टुकड़े के विवाद में सगे भाई और भतीजों ने दंपती पर हमला कर दिया। घटना में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। हमले के दौरान मृतक का एक भतीजा भी घायल हुआ है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक के शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम में रखवाया गया है।
धरनावदा गांव के बस स्टैंड के पास रहने वाले गोविंद लौहार (58) के घर में शुक्रवार शाम को धनतेरस के पूजन की तैयारियां चल रही थीं। शाम करीब 7.30 बजे अचानक उसका बड़ा भाई कालूराम अपने बेटे बजरंग व रामविलास के साथ उनके घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसी दौरान तीनों ने मिलकर गोविंद व उसकी पत्नी रेखा बाई पर हमला कर दिया। हमले में गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी रेखा बाई गंभीर घायल हुई है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में भतीजा बजरंग भी घायल हुआ है और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात 8.30 बजे जिला अस्पताल में पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही थी। जिस घर में कुछ देर पहले तक पूजन की तैयारियां हो रही थीं वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
धरनावदा थाना प्रभारी नीरज लोधी के अनुसार, गोविंद लौहार व उसके बड़े भाई कालूराम के हिस्से की करीब 3-3, 4-4 बीघा जमीनें एक-दूसरे लगी हुई हैं। इसी जमीन में खेती करने की छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के परिवारों में पिछले कुछ सालों से मनमुटाव चल रहा है। इसी बीच रबी की बोवनी के लिए पाइप डालने को लेकर शुक्रवार शाम को गोपाल व कालूराम के परिवार में विवाद गहरा गया। इसमें कालूराम लौहार व उसके बेटों बजरंग व रामविलास ने गोपाल व उसकी पत्नी रेखा बाई के ऊपर हमला कर दिया। हमले में गोपाल की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी रेखा बाई को भी गंभीर चोटें आई है। हमले के दौरान मृतक का भतीजा बजरंग लौहार 36 साल भी घायल हुआ है।