गुना

गुना SP को हटाने पर भड़के दिग्विजय, बोले- नफरत फैलाने वालों को मस्जिद के सामने ही नाचने का मन क्यों होता है..

Guna News : दिग्विजय सिंह अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि- 'बीजेपी पार्षद पहले भी शहर की फिजा बिगाड़ने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन हमेशा बीजेपी नेता उसे बचा लेते हैं।'
less than 1 minute read
Apr 21, 2025
Guna News

Guna News : मध्य प्रदेश के गुना में हनुमान जयंती के दिन चल समारोह ले जाते समय मस्जिद के बाहर हुए विवाद के बीच अचानक से शहर के एसपी को हटाने के फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा पार्षद के खिलाफ कार्रवाई करने के कारण गुना एसपी को हटाया गया है।

दिग्विजय सिंह अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि- 'बीजेपी पार्षद पहले भी शहर की फिजा बिगाड़ने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन हमेशा बीजेपी नेता उसे बचा लेते हैं।' इसी के साथ दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया कि- 'पार्षद की शिकायत पर कुछ मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, क्या ये सब न्यायपूर्ण है? मैं आज तक ये नहीं समझ पाया, इन नफरत फैलाने वालों को मस्जिद के सामने ही नाचने का मन क्यों करता है? ये खोज का विषय है।

भाजपा पार्षद की शिकायत पर 5 पर नामजद केस दर्ज

आपको बता दें कि, हनुमान जयंती पर गुना शिवाजी नगर माता मंदिर से जुलूस निकाला गया। जुलूस में आगे डीजे चल रहा और पीछे युवा नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। यह जुलूस शाम लगभग 7:30 बजे कर्नलगंज इलाके में पहुंचा और मस्जिद के सामने रुक गया। आरोप है कि, कुछ देर बाद इसी स्थान पर जुलूस के ऊपर पथराव हुआ है। इसी के बाद हालत बिगड़े, जिसे लेकर भाजपा पार्षद ओमप्रकाश कुशवाह (गब्बर) की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ नामजद और 15-20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर 9 लोगों को अबतक गिरफ्तार किया जा चुका है।

Updated on:
21 Apr 2025 02:28 pm
Published on:
21 Apr 2025 02:28 pm