MP Crime News: सिरफिरे आशिक की प्रताड़ना से परेशान 7वीं की छात्रा ने छत से कूदकर जान देने की कोशिश कर ली। घायल बच्ची अस्पताल में जिंदगी से जूझ रही है।
MP Crime News:गुना शहर के बीचोंबीच पुरानी छावनी क्षेत्र में रहने वाली कक्षा 7वीं की छात्रा एक सिरफिरे आशिक की प्रताड़ना से त्रस्त होकर छत से कूद गई। परिजन घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां उसको और उसके परिजनों को सिरफिरा आशिक साजन कोरी चाकू लहराता हुआ धमकाता रहा। अंत में नाबालिग लड़की के परिजनों ने सिटी कोतवाली में पहुंचकर इसकी शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी कोतवाली में सुनवाई नहीं हुई। नाबालिग लड़की जिला अस्पताल में जिदंगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
पुरानी छावनी निवासी पीड़िता की मां ने बताया कि सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली उनकी 15 वर्षीय बेटी को साजन कोरी लंबे समय से स्कूल आते-जाते समय परेशान कर रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते छात्रा छत से गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। जब उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो वहां भी आरोपी साजन अपने साथियों के साथ चाकू लेकर पहुंच गया। अस्पताल परिसर में उसने जमकर हंगामा किया और पीड़िता के माता-पिता व भाई के साथ मारपीट की। आरोपी ने चाकू की नोंक पर छात्रा को अगवा करने की कोशिश भी की, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
वर्तमान में छात्रा की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। वह अस्पताल के बिस्तर पर खून की उल्टियां कर रही है और गहरे सदमे के कारण बोलने की स्थिति में भी नहीं है। एक तरफ रक्षक कहे जाने वाली पुलिस पकड़ लेंगे का रटा-रटाया जवाब दे रही है, तो दूसरी तरफ एक मासूम बच्ची का भविष्य और जान दांव पर लगी है। क्षेत्र की जनता में इस घटना को लेकर काफी आकोश है।
बताया गया कि अस्पताल की घटना के बाद भी जब पुलिस ने कोई सख्त एक्शन नहीं लिया, तो आरोपी ने रात 11 बजे पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया। गेट में लातें मारी, तोड़फोड़ की और छात्रा की मां, पिता और भाई के साथ मारपीट करते हुए धमकी दी कि लड़की की शादी मुझसे कराओ, वरना पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा। डरा-सहमा परिवार रात 12 बजे कोतवाली पहुंचा, लेकिन रात 3 बजे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवार को ही थाने में बिठाए रखा। (MP Crime News)