गुना

एसडीएम ने लिए 50 हजार रूपए, लेकिन काम नहीं किया, किसान ने लगाया बड़ा आरोप

big allegation against SDM: मध्य प्रदेश के गुना की एक तहसील से बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक किसान ने एसडीएम पर पैसे लेने और काम न करने का गंभीर आरोप लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2025, 9:35 AM IST
farmer made a big allegation against SDM that he took 50 thousand rupees from him in guna madhya pradesh

big allegation against SDM: मध्य प्रदेश के गुना की आरोन तहसील में एसडीएम महेश बमन्हा और किसान रामसिंह यादव के बीच हुई बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में एसडीएम को किसान से 50 हजार रुपए लेकर कुछ समय बाद वापस लेने की बात कहते हुए सुना जा सकता है। साथ ही, वे यह भी कह रहे हैं कि "मैं तो यहां से चला जाऊंगा, मगर तुम्हारा कोई काम नहीं करेगा।" हालांकि, पत्रिका इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

क्या है पूरा मामला?

आरोन तहसील के ग्राम डगराई निवासी रामसिंह यादव ने अपनी जमीन के बंटवारे को लेकर एसडीएम महेश बमन्हा के पास अपील दायर की थी। किसान का आरोप है कि इस अपील को स्वीकार करने के लिए एसडीएम ने 50 हजार रुपए की मांग की थी, जो उन्होंने उनके बंगले पर जाकर दिए। इसके बावजूद एसडीएम ने उनके आवेदन को स्वीकार न करते हुए प्रकरण धारा 5 के तहत समाप्त कर दिया।

किसान रामसिंह का यह भी कहना है कि इसी तरह के एक अन्य मामले में, कन्हैयाराम के आवेदन को 10 जनवरी 2025 को स्वीकार कर उनके पक्ष में आदेश पारित कर दिया गया था। किसान का आरोप है कि एसडीएम द्वारा उनके साथ भेदभाव किया गया और पैसे लेने के बावजूद उनके मामले को निरस्त कर दिया गया। रामसिंह के बेटे महेंद्र यादव ने इस पूरे मामले में एसडीएम से बातचीत की थी, जिसका कथित ऑडियो अब वायरल हो रहा है।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

मामला कलेक्टर किशोर कन्याल के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने एडीएम को इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर किशोर कन्याल का कहना है कि 'यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। इसकी जांच कर एडीएम से रिपोर्ट देने को कहा गया है।'वहीं, किसान के बेटे महेंद्र यादव ने कहा, 'हमने जमीन बंटवारे के आवेदन के लिए एसडीएम को 50 हजार रुपए दिए थे। पैसा देने के बाद भी हमारा आवेदन निरस्त कर दिया गया। हमने कलेक्टर से एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।'अब यह देखना होगा कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Updated on:
6 Mar 2025, 9:35 AM IST
Published on: