गुना

गुना में खाना बनाते वक्त फटा गैस सिलेंडर, छत का छप्पर उड़ा, परिवार ने भागकर बचाई जान

Gas Cylinder Blast: सिलेंडर फटने से घर का छप्पर और दीवार क्षतिग्रस्त, आग में गृहस्थी जलकर खाक, सिलेंडर में लीकेज से हादसे की आशंका।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Guna Gas Cylinder Blast
gas cylinder blast house roof damaged, सिलेंडर ब्लास्ट में क्षतिग्रस्त घर (Source-Patrika)

Guna Gas Cylinder Blast: मध्यप्रदेश के गुना शहर से सटे बजरंगगढ़ के कुम्हार मोहल्ले में सोमवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। घटना शाम 5 बजे की है, तब राजाराम माली के घर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग लगी और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि शाम को राजाराम की बेटी घर में खाना बना रही थी, तभी अचानक से सिलेंडर में आग लग गई, कुछ देर बाद ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया जिससे घर को काफी नुकसान पहुंचा है।

परिवार ने भागकर बचाई जान

बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी, इसी दौरान राजाराम की बेटी किचिन में गैस पर खाना बना रही थी। तभी गैस सिलेंडर में आग लग गई, आग लगने के बाद पहले तो घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब आग नहीं बुझी तो परिवार के सदस्य भागकर घर से बाहर निकल आए। परिवार के बाहर निकलते ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, ब्लास्ट इतना तेज था कि छत पर लगा टीन का छप्पर तक उड़ गई, साथ ही कच्चे मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। ब्लास्ट से गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।

कोई जनहानि नहीं

गनीमत रही कि इस हादसे में परिवार के सदस्यों को कोई चोट नहीं आई है। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी थी लेकिन इसके बावजूद समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची जिसके कारण गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। रहवासियों के मुताबिक अगर फायर ब्रिगेड वक्त पर आ जाती तो नुकसान कम होता। रहवासियों ने बताया कि शाम साढ़े 7 बजे मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची लेकिन तब तक गृहस्थी का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया था।

Updated on:
12 Oct 2026 09:22 pm
Published on:
12 Oct 2026 08:19 pm