गुना

Guna News: जंगल में पोटली में दफना रखा था 1.47 करोड़ रुपये का सोना, 6 किमी पैदल चलकर निकाल लाई पुलिस

Gold Theft Case: फतेहगढ़ के चक चुरैला में हुई चोरी का खुलासा, मास्टर माइंड सहित दो गिरफ्तार, 1.47 करोड़ का 985 ग्राम सोना बरामद, मप्र- राजस्थान के कई जिलों में दबिश देकर पकड़े बदमाश।
3 min read
Aug 09, 2026
guna gold thet case solved
gold theft 1 47 crore gold recovered, प्रेस वार्ता करतीं एसपी हितिका वासल और बरामद जेवरात (Source-patrika)

Guna Gold Theft Case: मध्यप्रदेश की गुना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए फतेहगढ़ के चक चुरैला में हुई करोड़ों रुपए की बहुचर्चित चोरी की वारदात का 6 दिन के भीतर पर्दाफाश किया है। एसपी हितिका वासल ने रविवार को एसपी ऑफिस में प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा किया। एसपी वासल ने बताया कि 10 थानों के फोर्स की अलग-अलग टीमों ने वारदात को अंजाम देने वाले दर्जनभर आरोपियों में से 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जंगल में पोटली में दफना रखा था सोना

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कनेरा व इमलिया गांव के जंगलों में पार्वती नदी किनारे से अलग-अलग स्थानों पर पोटली बनाकर दफन की गई 1.47 करोड़ रुपए कीमत की 985.150 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की है। बदमाशों ने इसे घने जंगल में ऐसी जगह पर पोटली में दफना रखा था, जहां से इसे किसी के लिए खोजकर निकाल पाना मुश्किल था। इस बरामदगी के लिए पुलिस टीम करीब 6 किमी खेतों में पैदल चलकर आरोपियों के साथ जंगल में पहुंची और दफनाई गई ज्वेलरी बरामद की।

गुना के इतिहास में संभवत: पहला मौका

गुना के इतिहास में संभवत: यह पहला मौका है जब पारदी बदमाशों से चोरी के माल में से पुलिस ने इतनी बड़ी मात्रा में रकम बरामद की है। हालांकि घटना में चोरी गए कुल 1.8 किग्रा सोने व चार किग्रा चांदी और 11 लाख नकदी, एक तिजोरी व बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस की गिरफ्त में चोरी के दो आरोपी

पूरी तिजोरी चोरी कर ले गए थे बदमाश

2- 3 जुलाई की दरमियानी रात फतेहगढ़ के चक चुरैला के बाबूलाल मीना के घर में अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मकान में रखी पूरी तिजोरी ही उठाकर ले गए थे, जिसमें 2 से 2.5 किग्रा सोने के जेवर, 4 किग्रा चांदी के जेवर, 11.50 लाख रुपए नकदी रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने बदमाश पीड़ित की बाइक भी चुराकर ले गए थे।

बगैर कैमरों के लगाया सुराग

एसपी वासल ने वारदात की गंभीरता को देखते हुए खुद घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। परिजनों से जानकारी जुटाकर 10 थानों की स्पेशल टीमों का गठन किया। चूंकि घटना ग्रामीण अंचल की थी और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, इसलिए आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती थी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर विभिन्न छोटी-बड़ी कड़ियों को जोड़ने के बाद पता चला कि पारदी बदमाशों के गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है।

आरोपियों की निशानदेही पर जेवरात बरामद करने जाती पुलिस

मप्र-राजस्थान के कई जिलों में दी दबिश

आरोपियों का सुराग मिलते ही पुलिस टीमों ने मप्र के गुना के अलावा शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, इंदौर, भोपाल जैसे दर्जनभर जिलों और पड़ोसी राज्य राजस्थान के कोटा, झालावाड़, बारां व छाबड़ा में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसमें वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों राजू पुत्र कवस्या पारदी (35) और गजानंद पुत्र देवला पारदी (48) दोनों निवासी कनेरा धरनावदा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में से एक गजानंद पारदी राजस्थान के बारां में हुई 80 लाख की चोरी के मामले का मास्टर माइंड भी है। एसपी हितिका वासल ने बताया कि गिरफ्तार शुदा आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश में हमारी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उम्मीद है कि, जल्दी ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया शेष माल भी बरामद कर लेंगे।

Updated on:
09 Aug 2026 08:22 pm
Published on:
09 Aug 2026 08:22 pm