गुना

गुना पुलिस का अजब गणित! ज्यादा अपराध वाले थाने फिसड्डी और कम वाले को मिल रहा ‘पुरुस्कार’

Police Ranking: गुना पुलिस की अक्टूबर की रैंकिंग में कम अपराध दर्ज करने वाले मृगवास और सिरसी जैसे छोटे थाने शीर्ष पर रहे, जबकि ज्यादा केस वाले बड़े थाने पिछड़ गए। 12-13 बिंदुओं पर आधारित मूल्यांकन और पुरस्कार प्रणाली पर उठे सवालों की पूरी पड़ताल।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:26 PM IST
Police Ranking
पुलिस के मूल्यांकन का अनोखा गणित (फोटो सोर्स: Chatgpt)

वीरेंद्र जोशी की रिपोर्ट

Guna News :मध्य प्रदेश के गुना जिले के पुलिस महकमे में इन दिनों कामकाज के मूल्यांकन का एक अनोखा गणित चल रहा है। इसे 'प्रतिशत का चमत्कार' कहें या 'हकीकत से मुंह मोड़ना', समझना थोड़ा मुश्किल है। जरा इस स्थिति की कल्पना कीजिए। एक तरफ शहर का वो व्यस्त थाना है, जहां सुबह से शाम तक फरियादियों की कतार लगी रहती है। महीने भर में 100 से ऊपर अपराध दर्ज होते हैं। पुलिसकर्मी दिन-रात एक कर, बिना छुट्टी लिए, पसीना बहाकर इनमें से 80- 90 मामलों का पटाक्षेप भी कर देते हैं।

वहीं दूसरी तरफ, किसी शांत कोने में बसा एक ऐसा थाना है, जहां महीनेभर में गिने- चुने मामले दर्ज होते हैं, वो भी किसी की भैंस गुमने या मामूली कहासुनी के। अब महीने के आखिर में जब क्राइम मीटिंग होती है तो साहब के सामने आंकड़ों की बाजीगरी पेश की जाती है। गिने-चुने मामलों वाले थाने ने ज्यादातर मामले निपटा दिए तो उनका निराकरण प्रतिशत पूरा 100 फीसदी हो रहा है।

उधर, 100 में से 90 मामले सुलझाने वाला व्यस्त थाना 90 फीसदी पर ही अटक गया। नतीजा, महीने के आखिर में पुरस्कार और शाबाशी का सेहरा उस शांत थाने के सिर बंधता है, जिसने कुल मिलाकर चुनिंदा फाइल बंद कीं और वो थाना जिसने 90 फीसदी परिवारों को न्याय दिलाया और चौबीसों घंटे भागदौड़ की, वह 'पिछड़ा' घोषित कर दिया जा रहा है। हालांकि आला अधिकारी रैंक और पुरस्कार के मूल्यांकन सिर्फ अपराध नहीं बल्कि 12- 13 बिंदुओं के आधार पर होना बता रहे हैं। हाल ही के महीनों में यह पुरस्कार मृगवास, सिरसी और मधुसूदनगढ़ जैसे कम अपराध वाले छोटे थानों को मिले हैं।

बड़ा सवाल: जब इनाम 'कम काम को मिलना है तो 'ज्यादा काम का बोझ' कौन उठाना चाहेगा?

विभागीय सूत्र बताते हैं कि, जब तराजू में 'काम के वजन' के बजाय 'कागजी प्रतिशत' को तौला जाने लगे तो मेहनत करने वालों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है। बड़े थानों के पुलिसकर्मी अब शायद यही सोचते होंगे कि, काश उनके इलाके में भी अपराध कम हों या जैसा कि अकसर होता है। अपराध दर्ज ही कम किए जाएं, ताकि 100 फीसद का तमगा आसानी से हासिल हो सके। आखिरकार, जब इनाम 'कम काम को पूरा करने' पर मिलना है तो 'ज्यादा काम का बोझ' भला कौन उठाना चाहेगा?

इन बिंदुओं पर काम की स्थिति के आधार पर मिल रहा पुरस्कार

जिला पुलिस बल में कुछ महीने पहले तय की गई उत्कृष्ट कार्य पुरस्कार के लिए थानों का चयन लिए 12 से 13 बिंदुओं पर होने वाले काम के आधार पर होने की बात अफसर कह रहे हैं। इनमें अपराध निराकरण प्रदर्शन, चालान निराकरण, मर्ग निराकरण, ई- समन वारंट, मंथ ग्रेडिंग शिकायतों के निराकरण की स्थिति, सीसीटीएनएस, राहत प्रकरण, यातायात व सड़क दुर्घटना, संपत्ति संबंधी अपराध, जनसुनवाई, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट जानकारी, साइबर फ्रॉड, साइबर फ्रॉड में रिटर्न, बाउंड ओवर, सजायाबी, एनडीपीएस डोसर के आधार पर काम का मूल्यांकन किया जा रहा है।

जानें अक्टूबर में किस थाने की कितनी रैंक और दर्ज अपराध हुए

---थाना---दर्ज अपराध---दर्ज अपराध के निराकरण---निराकृत रैंक
-1 मृगवास------14----------10--------------------------87.72
-2 सिरसी-------11-----------07--------------------------78.84
-3 कुंभराज------41----------34--------------------------77.31
-4 मधुसूदनगढ़--21---------08--------------------------63.29
-5 जामनेर-------25---------15---------------------------61.29
-6 विजयपुर-----16----------10---------------------------56.68
-7 कोतवाली-----99----------32---------------------------56.27
-8 फतेहगढ़-----15-----------05---------------------------53.92
-9 म्याना--------37----------18----------------------------53.27
-10 बजरंगगढ़--20-----------09----------------------------52.73
-11 आरोन------85-----------38----------------------------51.44
-12 कैंट--------144-----------27---------------------------49.56
-13 धरनावदा---30-----------11---------------------------49.52
-14 चांचौड़ा-----59------------23---------------------------49.50
-15 राघौगढ़----35-----------16-----------------------------43.36
-16 बमोरी------21-----------11----------------------------42.00

नोट: पुलिस थानों में माह अक्टूबर 2026 में दर्ज अपराध और रैंक के आंकड़े जिला पुलिस बल के अनुसार है।

12 से 13 बिंदुओं के आधार पर हो रहा मूल्यांकन

गुना एएसपी प्रशांत सुमन का कहना है कि, मंथली पुरस्कार के लिए कई 12 से 13 बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन के आधार पर ही थानों का चयन हो रहा है। अगर छोटे थानों में अपराध दर्ज हो रहे हैं तो बड़े थानों में स्टाफ भी ज्यादा है।

अबतक 4 थानों को मिला पुरस्कार

वहीं, गुना रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय ने बताया कि, अभी तक चार थानों को पुरस्कार मिले हैं, जिनमें मृगवास, सिरसी और दो बार मधुसूदनगढ़ थाने को ये पुरस्कार मिला है। मूल्यांकन की जानकारी एसपी व एएसपी दे पाएंगे।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:26 PM IST
Published on: