
Guna News : मध्य प्रदेश के गुना में नाश्ते के एक रेस्टोरेंट से खरीदे गए आलू बड़े में कॉकरोच निकलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घटना शहर के संतुष्टि कलेक्शन के पास स्थित त्रिमूर्ति रेस्टोरेंट की बताई जा रही है। सोचिए, आप अपने परिवार के लिए नाश्ता खरीदकर घर लेकर आएं। पूरा परिवार खाने के लिए बैठे और जैसे ही खाने की शुरुआत हो, नाश्ते में कॉकरोच निकल आए। कुछ ऐसा ही शहर की भार्गव कॉलोनी में रहने वाले परिवार के साथ हुआ है।
जानकारी के अनुसार, भार्गव कॉलोनी में रहने वाले नरेंद्र नामक युवक शहर के त्रिमूर्ति रेस्टोरेंट से समोसे और आलू बड़े लेकर घर पहुंचे थे। जब पूरा परिवार नाश्ता करने बैठा तो आलू बड़े में कॉकरोच दिखाई दिया। ये देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। इसी दौरान नाश्ता कर रहीं परिवार की बुजुर्ग महिला की तबियत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद युवक शिकायत लेकर वापस दुकान पर पहुंचा। युवक का आरोप है कि, दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय पैसे वापस लेने की बात कही और उसे पैसे लौटाने की पेशकश की।
अब सवाल ये है कि, क्या सिर्फ पैसे वापस कर देने से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और सुरक्षा की जिम्मेदारी खत्म हो जाती है? गुना में खाद्य विभाग की टीमें समय- समय पर दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेती दिखाई देती हैं। लेकिन, ऐसे मामलों में जांच और कार्रवाई कितनी प्रभावी है? क्या संबंधित रेस्टोरेंट के खाद्य पदार्थों की जांच होगी? क्या मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी? यह बड़ा सवाल है।
स्थानीय स्तर पर इससे पहले भी इसी इलाके के एक अन्य रेस्टोरेंट को लेकर ऐसी शिकायत सामने आ चुकी है। ऐसे में खाद्य विभाग की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। हालांकि इस मामले में युवक ने खाद्य सुरक्षा विभाग से भी शिकायत दर्ज कराई है। विभागीय अफसरों का कहना है कि, शिकायत आई है, जल्दी ही सैंपलिंग की जाएगी।
गुना के खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवीन जैन का कहना है कि, त्रिमूर्ति रेस्टोरेंट से खरीदे गए आलू बड़े में कॉकरोच निकलने की शिकायत पीड़ित परिवार द्वारा की गई है। हम सैंपलिंग कराकर जांच करेंगे, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।