गुना

बंद कमरे से मिले महिला और दो पुरुषों के शव, गुना के ट्रिपल डेथ मिस्ट्री में उलझी पुलिस

Triple Death Mystery- मध्य प्रदेश के गुना में ट्रिपल डेथ मिस्ट्री ने पुलिस को उलझा दिया है। दो साल से साथ रह रहे थे बुजुर्ग और महिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

2 min read
Jun 22, 2026
Guna triple death mystery
Guna triple death mystery- बंद कमरे में मिली एक महिला-दो पुरुषों के शव (फोटो सोर्स- Patrika)

Guna Triple Death Mystery- एमपी के गुना जिले के म्याना कस्बे के हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान से दो दिन में तीन शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रविवार को ओमप्रकाश शर्मा (60) का शव मिलने के बाद सोमवार को उसी परिसर के दूसरे कमरे से एक महिला और एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ। तीनों शव कई दिन पुराने और सड़ी-गली अवस्था में मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या, आपसी रंजिश और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

ताला तोड़कर देखा तो पुलिस के उड़े होश, दो दिन में तीन शव बरामद

जानकारी के अनुसार, रविवार को स्थानीय लोगों ने मकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर देखा तो वहां ओमप्रकाश शर्मा का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया गया कि उनकी मौत तीन से चार दिन पहले हो चुकी थी। भतीजे हेमंत शर्मा ने पुलिस को बताया कि कई दिनों से परिसर से दुर्गंध आ रही थी। ओमप्रकाश के शव मिलने के बाद पुलिस को मामले में संदेह हुआ। सोमवार को पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और परिसर में स्थित दूसरे बंद कमरे की तलाशी ली। कमरे का ताला खोलने पर वहां दो और शव मिले। इनमें एक महिला की पहचान बदरवास निवासी गिंदा बाई जाटव के रूप में हुई, जबकि दूसरे शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। दोनों शव भी कई दिन पुराने बताए जा रहे हैं।

रिश्ताें को लेकर नाराजगी की चर्चा

पुलिस जांच में सामने आया है कि ओमप्रकाश की पत्नी का पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनके दोनों बेटे भोपाल में नौकरी करते हैं। गिंदा बाई पिछले करीब दो वर्षों से ओमप्रकाश शर्मा के साथ रह रही थी। सूत्रों के अनुसार इस रिश्ते को लेकर परिजनों की नाराजगी की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। तीनों शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल भी मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

हत्या की आशंका, नहीं मिले चोट के निशान

तीनों कमरों पर बाहर से ताले लगे होने से मामला और रहस्यमय हो गया है। इससे हत्या की आशंका भी गहरा गई है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। ओमप्रकाश के शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जबकि सोमवार को मिले दोनों शवों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। मौत के कारणों का खुलासा अब पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगी मौत की वजह- एसपी

रविवार को पहला शव मिला था, जिसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। शक होने पर सोमवार को पास का दूसरा बंद कमरा खोला गया, जहां से दो और शव मिले। तीनों शव बेहद खराब हालत में मिले हैं। शवों का पोस्टमार्टम पैनल से कराया जा रहा है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल जांच जारी है।- हितिका वासल, एसपी, गुना

Published on:
22 Jun 2026 08:04 pm