
Guna Highway Encroachment Removal: मध्यप्रदेश के गुना जिले में बुधवार को प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा और अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया। बुलडोजर कार्रवाई एबी रोड के किनारे किए गए अवैध कब्जों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कटों के खिलाफ की गई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की संयुक्त टीम ने ये कार्रवाई की है। बीनागंज बायपास से कालापहाड़ तक करीब 5 किलोमीटर के दायरे में हुई इस कार्रवाई में अतिक्रमण कर बनाए गए 32 कच्चे-पक्के अवैध कब्जों को हटाया गया है।
तहसीलदार रेणु कांसलीवाल ने बताया कि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर एसडीएम अमित सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम 5.30 बजे तक चली। इस दौरान हाईवे किनारे बने कच्चे और पक्के निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन की टीम ने चिह्नित अतिक्रमणों पर जेसीबी चलाकर उन्हें जमींदोज किया है। तहसीलदार कांसलीवाल ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणों को चिह्नित कर उनकी मार्किंग कराई गई थी। संबंधित लोगों को कई बार नोटिस दिए गए और मुनादी के माध्यम से भी कब्जे हटाने की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कट भी यातायात व्यवस्था के लिहाज से हटाए गए। बुधवार की कार्रवाई में कुल 12 कट बंद कराए गए। इससे पहले भी इसी मार्ग पर 42 अवैध कट हटवाए जा चुके हैं। प्रशासन और एनएचएआइ की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान बीनागंज चौकी प्रभारी नीरज लोधी, एनएचएआइ के असिस्टेंट मैनेजर पार्थ जाट सहित प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।