
MP news:एमपी के गुना में सोमवार का दिन हर किसी को रुला गया। एबी रोड पर भदौरा के पास रविवार शाम को हुए भीषण सडक़ हादसे में शहर से सटे पिपरौदाखुर्द गांव का एक परिवार उजाड़ दिया। सोमवार दोपहर को गांव से एक साथ तीन अर्थियां निकलीं तो हर आंख नम हो गई। पति- पत्नी और बेटे का एक ही चिता पर अंमित संस्कार किया गया। इसमें सबसे खास बात यह रही कि, मालती की गोद में उसके बेटे कार्तिक को लिटाकर अंतिम संस्कार किया।
पूरे गांव में शोक की वजह से रविवार शाम से चूल्हे तक नहीं जले और न ही लोगों ने अन्न ग्रहण किया। इस हादसे में पिपैरादा खुर्द के मनोज पुत्र खेमचंद कुशवाह 34 साल व उनकी पत्नी मालती 30 साल व 7 साल के बेटे कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
सोमवार सुबह जिला अस्पताल में हुए तीनों के शवों के पोस्टमार्टम के बाद करीब 11 बजे तीनों के शव गांव पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों व रिश्तेदारों ने मिलकर एक ही चिता पर अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तीनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकली।
तीन अर्थियों को एक साथ निकलता देख पूरा पिपरौदाखुर्द गांव शोक में डूब गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के लोग और रिश्तेदार पहुंचे। यात्रा में शामिल कई लोगों की आंखें नम थीं। गांव में रविवार शाम से न तो चूल्हे जले हैं और न ही किसी ने भी अन्न ग्रहण किया है। मनोज की मां लक्ष्मीबाई का हादसे के बाद से लगातार रोने से बार- बार बेहोश हो रही है। मनोज के पिता पैरों से दिव्यांग के साथ ही पैरालिसिस की बीमारी से ग्रस्त है। ऐसे में न तो वे खुद के बल पर पलंग से उठ पाते हैं और न ही चल फिर पाते हैं।
बता दें कि रविवार शाम को बाइक पर सवार पति-पत्नी और बेटे की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार परिवार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने टक्कर मारी। मृतक गुना की तरफ लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। कुछ ही देर में परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।