
Guna road accident: राजस्थान से गुना आ रहे युवक का सड़क हादसे में निधन (फोटो सोर्स- Patrika)
MP road accident news: महज पांच महीने पहले अजय ने अपनी पत्नी का हाथ थामकर ताउम्र साथ निभाने का वादा किया था। त्योहार का मौका था, मन में ससुराल पहुंचने और पत्नी की मुस्कान देखने की बेताबी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शनिवार की रात राजस्थान से मध्य प्रदेश के गुना जिले के लिए निकला 21 साल का अजय आगरी अपनी ससुराल की चौखट तक कभी नहीं पहुंच सका। ससुराल के रास्ते में एक हादसे में उसका निधन हो गया और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। अजय के चले जाने की खबर सुनते ही त्यौहार की खुशियों से सजे घर में एकाएक मातम पसर गया।
राजस्थान के छीपाबड़ौद (बराबदा गांव) का रहने वाला अजय आगरी अपनी पत्नी से मिलने और ससुराल में भुजरिया त्योहार की खुशियां बांटने के लिए बेहद उत्साहित था। उसकी पत्नी कुछ दिन पहले ही अपने मायके गुना जिले के बजरंगगढ़ आई थी। शनिवार की शाम अजय अपनी बाइक पर सवार होकर राजस्थान से गुना के लिए निकला था लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया।
रात के करीब 11 बज रहे थे। अजय हाइवे पर गादेर गांव के पास पहुंचा ही था, यानी ससुराल बस कुछ ही दूरी पर थी। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर की कारण बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और अजय का मौके पर ही निधन हो गया। अजय के चले जाने की खबर जैसे ही घर में पहुंची वैसे ही त्यौहार की खुशियों से सजे घर में मातम पसर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हाइवे एम्बुलेंस अजय को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अजय की जांच करने के बाद बुरी खबर सुनाई। रविवार सुबह जब जिला अस्पताल के शवगृह के बाहर परिजनों को अजय का पार्थिव शरीर सौंपा गया, तो हर आंख नम थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
31 Aug 2026 12:03 pm
Published on:
31 Aug 2026 12:03 pm
