
Guna Illegal Fireworks Storage: मध्यप्रदेश के गुना शहर के कैंट क्षेत्र के कालापाठा में एक मकान में अवैध आतिशबाजी बनाने के ठिकाने पर दबिश देकर पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध आतिशबाजी जब्त की है। कैंट थाना प्रभारी टीआइ अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम ने कालापाठा में एक घर से अवैध रूप से भंडारित आतिशबाजी जब्त की। पुलिस को मुखबिर से मकान में अवैध आतिशाबाजी बनने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने मकान पर छापा मारा तो सूचना सही साबित हुई।
31 अक्टूबर की शाम कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि कालापाठा निवासी शमीम बानो अपने घर में बेचने के लिए विस्फोटक सामग्री (पटाखों) का अवैध रूप से भंडारण कर रही है। रहवासी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री रखे होने की सूचना को गंभीरता से लेते पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घर में दबिश दी। घर में मौजूद महिला शमीम बानो पत्नी अजमेरी खान निवासी कालापाठा से पूछताछ कर मकान की तलाश ली। इसमें एक कमरे से छोटे-बड़े कुल 200 नग देशी पटाखे (आतिशबाजी) बरामद की गई। रहवासी क्षेत्र में इस प्रकार विस्फोटक सामग्री का भंडारण किए जाने से आगजनी व अन्य अप्रिय घटना का खतरा पैदा हो सकता था।
महिला शमीम बानो के खिलाफ पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) और धारा 288 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। गुना एसपी हितिका वासल ने शहरवासियों से अपील की है कि आतिशबाजी व विस्फोटक सामग्री का भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही करें। रहवासी क्षेत्रों में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखने से गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अवैध आतिशबाजी निर्माण, भंडारण व विक्रय से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।