
Guna Jail Inspection: मध्यप्रदेश के गुना में डीजी जेल वरुण कपूर ने रविवार को गुना जिला जेल का निरीक्षण किया। जेल पहुंचे डीजी जेल वरुण कपूर ने जहां कैदियों के बैरकों सहित पूरे जेल परिसर का निरीक्षण किया तो वहीं कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। निरीक्षण के दौरान एक टॉयलेट बहुत ज्यादा टूटा फूटा हुआ मिलने पर डीजी जेल ने जेलर को सख्त हिदायत दी और तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। डीजी जेल वरुण कपूर ने कहा कि टूटा हुआ टॉयलेट स्वच्छता में लापरवाही के साथ ही जेल की सुरक्षा में भी बड़ी चूक है।
निरीक्षण के दौरान डीजी वरुण कपूर ने जेल में बंद सभी 360 कैदियों से भी चर्चा कर जेल में मिल रही सुविधाओं की स्थिति की हकीकत जानी और कैदियों समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान कई कैदियों ने थाना स्तर पर उनके प्रकरणों में ठीक से सुनवाई नहीं होने और गड़बड़ियां होने की शिकायतें कीं। इस पर डीजी जेल ने गुना एसपी हितिका वासल को कैदियों की समस्याओं से अवगत कराने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करने की बात कही।
यहां यह बता दें कि, जिला जेल में पहले तक कुल 10 बैरक बने हुए थे। जबकि मौजूदा कैदियों की संख्या 360 है। इस हिसाब से बैरक काफी कम थे जिसे देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा दो नए बैरकों का निर्माण कराया गया है। निरीक्षण के दौरान डीजी जेल वरुण कपूर ने उक्त दोनों बैरक का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही इन दोनों बैरक में कैदियों को शिफ्ट किया गया। वरुण कपूर, डीजी जेल ने बताया कि गुना जेल के निरीक्षण में एक टॉयलेट बहुत ज्यादा टूटा फूटा व गंदा था। यह सुरक्षा के लिहाज से भी चूक थी। हमने जेलर को उसे तुरंत ठीक कराने और आगे से ऐसी लापरवाही न रहे इसकी हिदायत दी है।