गुना

गुना में बाइक सवारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की जांघ के आर-पार निकली गोली, 5 पर FIR

Kumbhraj Firing : कुंभराज में पुरानी रंजिश के चलते पांच आरोपियों ने बाइक सवार युवकों का रास्ता रोककर फायरिंग कर दी। हमले में एक युवक की जांघ से गोली आर-पार निकल गई। घायल को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 8:31 PM IST
Kumbhraj Firing
कुंभराज थाने में दर्ज हुई FIR (फोटो सोर्स: Patrika File)

Guna News :मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना इलाके में पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने बाइक सवारों का रास्ता रोककर उनपर गोलियां चलाई हैं। फायरिंग में बाइक सवार एक युवक की जांघ में गोली लगकर आर-पार निकल गई। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद शहर के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। वहीं, पीड़ितों के बयान के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या की कशिश का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे कानाखेड़ी और तुलसीखेड़ी के बीच की है। कानाखेड़ी में रहने वाले 25 वर्षीय मिथुन मीणा, पिता हनुमत सिंह, अपने साथी करण मीणा के साथ बाइक से कुंभराज की ओर जा रहा था। वो अपने भाई पवन मीणा को लेने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में बंदूक लिए बैठे रामजीवन मीणा, उसके बेटे सरोवर मीणा और गौरव मीणा (निवासी उंचाखेड़ी), मेघराज मीणा (निवासी बांरा, राजस्थान) और मोनू मीणा (निवासी खेजरा बेहरा) ने दोनों युवकों को रोक लिया।

रास्ता रोककर पूछा सवाल, जवाब देते ही..

बाइक सवारों को रोकने के बाद आरोपियों ने उनसे इतनी रात को वहां से गुजरने का कारण पूछा। इसपर मिथुन ने उन्हें बताया कि, वो अपने भाई पवन को लेने कुंभराज जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, जवाब सुनते ही आरोपी भड़क गए और दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। युवकों ने अपशब्दों का विरोध किया तो उन्होंने बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। इस दौरान एक गोली करण मीणा की दाहिनी जांघ में लगी और आर-पार निकल गई। अचानक हुई गोली-बारी से इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा ही घायल करण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभराज पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शहर के दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

पांचों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कुंभराज थाना प्रभारी अमित अग्रवाल ने बताया कि, पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह मानकर मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
25 Nov 2026, 8:31 PM IST
Published on: